FIFA World Cup 2026: जानिए किन खिलाड़ियों ने जीता गोल्डन बॉल, इस बार कौन हो सकता है सबसे बड़ा दावेदार

11 जून से शुरू हुए फीफा वर्ल्ड कप 2026 में दुनिया के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अपनी छाप छोड़ने उतरेंगे. ऐसे में आइए जानते हैं विश्व कप इतिहास में गोल्डन बॉल जीतने वाले खिलाड़ियों के बारे में, साथ ही इस बार किन सितारों पर नजरें रहने वाली हैं.

By Mrinal kumar Pandey | June 15, 2026 7:22 PM

FIFA World Cup 2026:फीफा वर्ल्ड कप 2026 का आगाज 11 जून से हो चुका है. अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको की संयुक्त मेजबानी में खेले जा रहे इस मेगा टूर्नामेंट में दुनिया के सबसे बड़े फुटबॉल सितारे अपनी छाप छोड़ने के लिए मैदान में उतर चुके हैं. ऐसे में आइए जानते हैं विश्व कप इतिहास में गोल्डन बॉल जीतने वाले खिलाड़ियों के बारे में, साथ ही इस बार किन खिलाड़ियों को इस प्रतिष्ठित सम्मान का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा है.

विश्व कप का सबसे प्रतिष्ठित व्यक्तिगत पुरस्कार

फीफा वर्ल्ड कप में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को गोल्डन बॉल अवॉर्ड दिया जाता है. यह सम्मान उस खिलाड़ी को मिलता है जिसने पूरे टूर्नामेंट में अपने प्रदर्शन से सबसे अधिक प्रभाव छोड़ा हो. इस पुरस्कार की शुरुआत 1982 विश्व कप से हुई थी. इसके साथ ही दूसरे और तीसरे सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को क्रमशः सिल्वर बॉल और ब्रॉन्ज बॉल अवॉर्ड भी दिया जाता है.

वर्ल्ड कप के गोल्डन बॉल विजेता

वर्षगोल्डन बॉलसिल्वर बॉलब्रॉन्ज बॉल
1982पाओलो रोसी (इटली)फाल्काओ (ब्राजील)कार्ल-हाइंज रुमेनिगे (पश्चिम जर्मनी)
1986डिएगो माराडोना (अर्जेंटीना)टोनी शूमाकर (पश्चिम जर्मनी)प्रेबेन एल्कजेर (डेनमार्क)
1990साल्वातोरे स्किलाची (इटली)लोथार मथायस (पश्चिम जर्मनी)डिएगो माराडोना (अर्जेंटीना)
1994रोमारियो (ब्राजील)रोबर्टो बैजियो (इटली)ह्रिस्तो स्टोइचकोव (बुल्गारिया)
1998रोनाल्डो (ब्राजील)डावोर शुकर (क्रोएशिया)लिलियन थुराम (फ्रांस)
2002ओलिवर कान (जर्मनी)रोनाल्डो (ब्राजील)होंग म्युंग-बो (दक्षिण कोरिया)
2006जिनेदिन जिदान (फ्रांस)फाबियो कैनावारो (इटली)एंड्रिया पिरलो (इटली)
2010डिएगो फोरलान (उरुग्वे)वेस्ले स्नाइडर (नीदरलैंड)डेविड विला (स्पेन)
2014लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना)थॉमस मुलर (जर्मनी)आर्जेन रोबेन (नीदरलैंड)
2018लुका मोड्रिच (क्रोएशिया)ईडन हजार्ड (बेल्जियम)एंटोनी ग्रिजमैन (फ्रांस)
2022लियोनेल मेसी (अर्जेंटीना)किलियन एम्बाप्पे (फ्रांस)लुका मोड्रिच (क्रोएशिया)

2026 में इन खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें

वर्ल्ड कप 2026 में फ्रांस के किलियन एम्बाप्पे, इंग्लैंड के जूड बेलिंगहैम, स्पेन के लामिन यामाल, ब्राजील के विनीसियस जूनियर और नॉर्वे के एरलिंग हालांड गोल्डन बॉल के बड़े दावेदार माने जा रहे हैं. वहीं लियोनेल मेसी और क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर भी दुनिया की नजरें रहेंगी, क्योंकि यह दोनों दिग्गजों का आखिरी विश्व कप हो सकता है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि 2026 में किस खिलाड़ी के सिर विश्व फुटबॉल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का ताज सजता है.

यह भी पढे:FIFA World Cup 2026: ‘अब ये जर्सी करोड़ों की…’, रोनाल्डो के साइन ने सोशल मीडिया पर मचा दिया तहलका