वर्ल्ड कप में नॉर्वे का जश्न हुआ वायरल, अगले दौर में पहुंचते ही खिलाड़ियों ने फैंस के साथ की ‘वाइकिंग रो’, VIDEO

सेनेगल को हराकर फीफा वर्ल्ड कप 2026 के नॉकआउट चरण में पहुंची नॉर्वे की टीम ने मैदान पर फैंस के साथ 'वाइकिंग रो' सेलिब्रेशन किया. खिलाड़ियों और समर्थकों का यह अनोखा अंदाज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

By Ujjawal Sinha | June 23, 2026 5:29 PM

Norway Team Viking Row Celebration: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में नॉर्वे की टीम ने न सिर्फ अपने खेल से बल्कि जश्न मनाने के अंदाज से भी दुनिया भर के फुटबॉल प्रेमियों का दिल जीत लिया है. सेनेगल पर रोमांचक जीत दर्ज कर नॉकआउट दौर में जगह बनाने के बाद पूरी नॉर्वे की टीम मैदान पर बैठ गई और अपने समर्थकों के साथ मशहूर “वाइकिंग रो” (Viking Row) सेलिब्रेशन करने लगी. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

जीत के बाद मैदान पर दिखा अनोखा जश्न

न्यू जर्सी में खेले गए मुकाबले में नॉर्वे ने सेनेगल को 3-2 से हराकर अगले दौर का टिकट कटाया. अंतिम सीटी बजते ही कप्तान मार्टिन ओडेगार्ड और स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने अपने साथियों को एकजुट किया. इसके बाद खिलाड़ी मैदान पर कतार में बैठ गए और नाव चलाने जैसी हरकत करते हुए “वाइकिंग रो” सेलिब्रेशन में शामिल हो गए. स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस ने भी उसी अंदाज में उनका साथ दिया.

नॉर्वे की पहचान बन चुका है ‘वाइकिंग रो’

वाइकिंग रो नॉर्वे के प्रशंसकों की एक खास परंपरा बन चुकी है. वर्ल्ड कप के दौरान नॉर्वे के समर्थक स्टेडियमों, मेट्रो स्टेशनों, एस्केलेटरों और यहां तक कि न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर में भी यह सेलिब्रेशन करते नजर आए हैं. इसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई कि नॉर्वे की संसद के सांसदों ने भी टीम के समर्थन में यही अंदाज अपनाया था.

28 साल बाद वर्ल्ड कप में लौटी है नॉर्वे

नॉर्वे 1998 के बाद पहली बार फीफा वर्ल्ड कप में खेल रही है. टीम ने इराक को 4-1 और सेनेगल को 3-2 से हराकर शानदार शुरुआत की है. एर्लिंग हालैंड और मार्टिन ओडेगार्ड की अगुआई में नॉर्वे अब खिताब की दावेदार टीमों में गिनी जा रही है.

सोशल मीडिया पर छाया वीडियो

मैदान पर खिलाड़ियों और फैंस के एक साथ “वाइकिंग रो” करने का दृश्य फुटबॉल प्रेमियों को काफी पसंद आ रहा है. कई यूजर्स ने इसे वर्ल्ड कप 2026 के सबसे यादगार और भावुक पलों में से एक बताया है.

यह भी पढ़ें: प्रपोज करते ही लगा झटका! उरुग्वे फैन कर रही थी प्यार का इजहार, तभी केप वर्डे ने दागा गोल