39 की उम्र में मेसी का जलवा, जादुई फ्री-किक का देखें VIDEO

लियोनेल मेसी ने जॉर्डन के खिलाफ शानदार फ्री-किक गोल दागकर फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में नया रिकॉर्ड बना दिया. वह लगातार सात वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने वाले दुनिया के पहले फुटबॉलर बन गए हैं.

By Ujjawal Sinha | June 28, 2026 5:25 PM

Lionel Messi: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में लियोनेल मेसी का जादू लगातार सिर चढ़कर बोल रहा है. अर्जेंटीना के कप्तान ने जॉर्डन के खिलाफ ग्रुप-जे के आखिरी मुकाबले में गोल दागकर एक और ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली. मेसी ने टूर्नामेंट में अपना छठा गोल किया और इसके साथ ही वह फीफा वर्ल्ड कप के इतिहास में लगातार सात मैचों में गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बन गए.

अर्जेंटीना ने जॉर्डन को 3-1 से हराकर ग्रुप चरण का अंत शानदार अंदाज में किया. जियोवानी लो सेल्सो और लाउतारो मार्टिनेज के गोलों की बदौलत टीम पहले ही 2-1 से आगे थी. इसके बाद दूसरे हाफ में मेसी को मैदान पर उतारा गया.

फ्री-किक से किया कमाल

मैच के 80वें मिनट में अर्जेंटीना को फ्री-किक मिली. मेसी ने अपनी सटीक किक से गेंद को सीधे गोलपोस्ट में पहुंचा दिया. उनकी यह लो फ्री-किक जॉर्डन के गोलकीपर यजीद अबुलैला को पूरी तरह चकमा दे गई और वह अपनी जगह से हिल भी नहीं सके. यह गोल मेसी के वर्ल्ड कप करियर का 19वां गोल भी था, जिससे उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को और मजबूत किया.

टूटा बड़ा रिकॉर्ड

मेसी ने लगातार सात वर्ल्ड कप मैचों में गोल करने का कारनामा किया है. इससे पहले यह रिकॉर्ड फ्रांस के जस्ट फोंटेन और ब्राजील के दिग्गज जायरजिन्हो के नाम था, जिन्होंने लगातार छह-छह मैचों में गोल किए थे. दिलचस्प बात यह है कि मेसी ने इस टूर्नामेंट में अर्जेंटीना के पिछले दो मुकाबलों में टीम के सभी पांच गोल अपने नाम किए थे. उन्होंने ऑस्ट्रिया के खिलाफ हैट्रिक और अल्जीरिया के खिलाफ दो गोल दागे थे.

नॉकआउट में केप वर्डे से भिड़ेगा अर्जेंटीना

ग्रुप-जे में पहले ही शीर्ष स्थान पक्का कर चुकी अर्जेंटीना ने इस मैच में अपने कई प्रमुख खिलाड़ियों को आराम दिया था. टीम ने ग्रुप चरण के तीनों मुकाबले जीतकर पूरे 9 अंक हासिल किए. अब अर्जेंटीना का सामना राउंड ऑफ 32 में केप वर्डे से होगा. यह मुकाबला मियामी में खेला जाएगा, जो मेसी के क्लब फुटबॉल करियर का भी घरेलू शहर है. केप वर्डे इस वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में पहुंचने वाला सबसे कम आबादी वाला देश बन चुका है.

यह भी पढ़ें: भगवान शिव का टैटू, महामृत्युंजय मंत्र और भारत से प्यार; वर्ल्ड कप के बीच वायरल हुआ फुटबॉलर लुका मेजसेन का VIDEO