फीफा वर्ल्ड कप 2026: इतिहास रचने उतरेंगे ये तीन खिलाड़ी, पहली बार खेलेंगे छठा विश्व कप

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इतिहास बनने वाला है. क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनल मेसी और गुइलेर्मो ओचोआ छठी बार वर्ल्ड कप खेलने उतरेंगे. इससे पहले किसी भी खिलाड़ी ने छह बार वर्ल्ड कप नहीं खेला है.

By Ujjawal Sinha | May 21, 2026 8:23 AM

FIFA World Cup 2026 की शुरुआत आगामी 11 जून से होगी. यह टूर्नामेंट कई रिकॉर्ड और ऐतिहासिक उपलब्धियों का गवाह बन सकता है. इस बार दुनिया की नजर सिर्फ टीमों के प्रदर्शन पर ही नहीं, बल्कि तीन दिग्गज खिलाड़ियों क्रिस्टियानो रोनाल्डो, लियोनल मेसी और गुइलेर्मो ओचोआ पर भी टिकी होगी. ये तीनों खिलाड़ी इतिहास में छह फीफा वर्ल्ड कप खेलने वाले पहले फुटबॉलर बन सकते है.

इस बार वर्ल्ड कप में 48 टीमें में हिस्सा लेंगी. प्रतियोगिता का आयोजन अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में किया जाएगा. इस दौरान इन तीन स्टार और दिग्गज फुटबॉलरों के पास फुटबॉल इतिहास में पहली बार छह विश्व कप खेलने का मौका होगा.

अब तक किसी खिलाड़ी ने नहीं खेले 6 वर्ल्ड कप

फुटबॉल इतिहास में अब तक किसी भी खिलाड़ी ने छह FIFA वर्ल्ड कप नहीं खेले हैं. अधिकतम पांच वर्ल्ड कप खेलने का रिकॉर्ड 6 खिलाड़ियों के नाम है. इस लिस्ट में अर्जेंटीना के लियोनल मेसी, जर्मनी के लोथर मैथ्यूस , पुर्तगाल के क्रिस्टियानो रोनाल्डो और मैक्सिको के एंटोनियो कार्बाजल , एंड्रेस गार्डो और राफेल मार्केज़ शामिल है, जिन्होंने फीफा वर्ल्ड कप में पांच बार भाग लिया है.

2006 से शुरू हुआ रोनाल्डो और मेसी का वर्ल्ड कप सफर

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपना पहला वर्ल्ड कप 2006 में जर्मनी में खेला था. इसके बाद वह 2010, 2014, 2018 और 2022 संस्करणों में भी हिस्सा ले चुके हैं. रोनाल्डो ने वर्ल्ड कप कुल 22 मुकाबले खेले हैं, जिनमें उनके नाम 8 गोल और 2 असिस्ट दर्ज हैं. वह एक बार भी पुर्तगाल को विश्व कप का खिताब नहीं दिला सके हैं.

वहीं लियोनल मेसी ने भी 2006 में अपना वर्ल्ड कप डेब्यू किया था. उन्होंने 2010, 2014, 2018 और 2022 में अर्जेंटीना का प्रतिनिधित्व किया और 2022 में अपनी टीम को वर्ल्ड कप खिताब भी जिताया. उन्होंने अब तक वर्ल्ड कप में 26 मुकाबले खेले हैं, जिनमें 13 गोल और 8 असिस्ट दर्ज किए हैं.

ओचोआ भी बना सकते हैं इतिहास

मैक्सिको के अनुभवी गोलकीपर गुइलेर्मो ओचोआ भी इस खास सूची में शामिल हैं. उन्होंने 2006, 2010, 2014, 2018 और 2022 वर्ल्ड कप में हिस्सा लिया है. अब 2026 में उनके पास भी छठा वर्ल्ड कप खेलकर इतिहास रचने का सुनहरा मौका होगा. ओचोआ अब तक 152 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं.

यह भी पढ़ें: फीफा वर्ल्ड कप: ब्राजील टीम में जगह मिलते ही भावुक हुए नेमार, वायरल हुआ रिएक्शन; VIDEO