फीफा वर्ल्ड कप 2026: मैदान पर भिड़े फ्रांस और पराग्वे के खिलाड़ी, मारपीट का वीडियो वायरल
FIFA World Cup 2026: किलियन एम्बाप्पे के पेनल्टी गोल से फ्रांस ने 1-0 से जीता मुकाबला, लेकिन अंतिम सीटी बजते ही दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच हाथापाई जैसी स्थिति बन गई. जीत के साथ फ्रांस ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली, जहां अब उसका सामना मोरक्को से होगा.
FIFA World Cup 2026: विश्व कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में फ्रांस और पराग्वे के बीच खेला गया मुकाबला सिर्फ फुटबॉल तक सीमित नहीं रहा. पूरे मैच के दौरान दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच लगातार तनातनी देखने को मिली और मैच खत्म होते ही माहौल पूरी तरह गरमा गया. अंतिम सीटी बजने के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी आमने-सामने आ गए, जिससे मैदान पर अफरा-तफरी मच गई. वायरल हो रहे वीडियो में दोनों पक्षों के खिलाड़ी एक-दूसरे से उलझते दिखाई दे रहे हैं. रिपोर्टों के अनुसार, फ्रांस के मुख्य कोच डिडिएर डेसचैम्प्स को भी अपने खिलाड़ियों को शांत कराने और विवाद से दूर ले जाने के लिए मैदान पर दौड़कर आना पड़ा.
एम्बाप्पे ने पेनल्टी पर किया निर्णायक गोल
फिलाडेल्फिया में खेले गए इस मुकाबले में पराग्वे ने फ्रांस को कड़ी टक्कर दी. फ्रांस को लंबे समय तक गोल करने का मौका नहीं मिला, लेकिन 70वें मिनट में VAR समीक्षा के बाद मिले पेनल्टी को किलियन एम्बाप्पे ने शानदार अंदाज में गोल में बदल दिया. यही गोल मैच का निर्णायक साबित हुआ और फ्रांस ने 1-0 से जीत दर्ज कर ली.
पूरे मैच में दिखा जबरदस्त तनाव
मैच के दौरान पराग्वे की आक्रामक और शारीरिक खेल शैली के कारण कई बार खिलाड़ियों के बीच बहस और धक्का-मुक्की की नौबत आई. कई मौकों पर रेफरी को हस्तक्षेप करना पड़ा, जबकि VAR की भी अहम भूमिका रही. मुकाबले के आखिरी मिनटों में तनाव और बढ़ गया, जिसका असर अंतिम सीटी के बाद भी देखने को मिला.
मैच खत्म होते ही मैदान पर छिड़ गया विवाद
फाइनल सीटी बजते ही दोनों टीमों के कई खिलाड़ी एक-दूसरे से भिड़ गए. मैदान पर धक्का-मुक्की और तीखी बहस शुरू हो गई. स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए दोनों टीमों के स्टाफ और अधिकारियों को बीच में आना पड़ा. फ्रांस के कोच डिडिएर डेसचैम्प्स भी तुरंत मैदान पर पहुंचे और अपने खिलाड़ियों को विवाद से अलग किया. सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
अब मोरक्को से होगी फ्रांस की बड़ी टक्कर
इस जीत के साथ फ्रांस ने विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया है. अब उसका सामना मोरक्को से होगा. दोनों टीमों के बीच होने वाला यह मुकाबला टूर्नामेंट के सबसे बड़े मैचों में से एक माना जा रहा है, क्योंकि दोनों टीमें मजबूत फॉर्म में हैं.
इसे भी पढ़े- कौन हैं एस्टर एक्सपोसिटो? जानिए एम्बाप्पे के साथ वायरल डेटिंग रूमर्स की सच्चाई
