फीफा वर्ल्ड कप 2026: क्या रोनाल्डो लेंगे संन्यास? बहन के बयान ने बढ़ाई हलचल

Cristiano Ronaldo: क्रिस्टियानो रोनाल्डो को लेकर अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में एक बार फिर रिटायरमेंट की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है. इन अटकलों की शुरुआत तब हुई जब उनकी बहन कटिया एवेइरो ने एक बयान में संकेत दिया कि 2026 फीफा वर्ल्ड कप उनके भाई के अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी बड़ा टूर्नामेंट हो सकता है.

By Ritu Raj | July 3, 2026 11:18 AM

Cristiano Ronaldo: इस टिप्पणी के बाद फुटबॉल प्रशंसकों और खेल विश्लेषकों के बीच यह चर्चा तेज हो गई कि क्या रोनाल्डो जल्द ही पुर्तगाल की राष्ट्रीय टीम से संन्यास लेने की तैयारी में हैं. हालांकि, बढ़ती इन अटकलों के बीच क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने स्थिति को स्पष्ट करते हुए किसी भी तरह की जल्दबाजी से इनकार किया है. उन्होंने कहा है कि वह अपने करियर और भविष्य को लेकर कोई भी फैसला तुरंत नहीं लेते और हर महत्वपूर्ण निर्णय सोच-समझकर ही करते हैं.

बहन के बयान से बढ़ी रिटायरमेंट की चर्चा

काटिया एवेरियो ने हाल ही में दिए गए बयान में कहा कि 2026 वर्ल्ड कप रोनाल्डो के लिए, “अंतिम बड़ा टूर्नामेंट” हो सकता है. उन्होंने इसे “लास्ट डांस” जैसा क्षण बताया. जिससे यह संकेत मिला कि पुर्तगाल के लिए उनका अंतरराष्ट्रीय सफर अपने अंतिम चरण में है. इस बयान के बाद सोशल मीडिया और फुटबॉल जगत में अटकलों का दौर तेज हो गया.

रोनाल्डो के गोल से पुर्तगाल नॉकआउट में

यह विवाद उस समय और बढ़ गया जब रोनाल्डो ने 2026 वर्ल्ड कप में पुर्तगाल के एक अहम मुकाबले में गोल दागा और टीम को नॉकआउट चरण तक पहुंचाया. उसी दौरान उनकी बहन के बयान ने सुर्खियां बटोरीं, जिससे मैच से ज्यादा चर्चा उनके भविष्य को लेकर होने लगी.

संन्यास की अटकलों पर रोनाल्डो की सफाई

मैच के बाद रोनाल्डो ने साफ किया कि वह अभी अपने भविष्य को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं ले रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसे फैसले भावनाओं में नहीं लिए जाते और वह परिवार से बातचीत के बाद ही आगे का कदम तय करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि उनका पूरा ध्यान वर्तमान टूर्नामेंट और टीम के प्रदर्शन पर है.

रोनाल्डो के प्रदर्शन पर उठते सवाल

41 वर्षीय रोनाल्डो इस वर्ल्ड कप में अब भी पुर्तगाल के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं. हालांकि उनके प्रदर्शन को लेकर आलोचना भी होती रही है, लेकिन उन्होंने कई महत्वपूर्ण मौकों पर गोल करके टीम को आगे बढ़ाया है. उनकी निरंतर मौजूदगी ने टीम चयन और भविष्य को लेकर बहस को और तेज कर दिया है.

क्या यह रोनाल्डो का आखिरी वर्ल्ड कप है?

रोनाल्डो पहले ही कई वर्ल्ड कप और अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट खेल चुके हैं और पुर्तगाल को यूरो 2016 का खिताब भी दिला चुके हैं. ऐसे में 2026 वर्ल्ड कप को उनका अंतिम अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट माना जा रहा है, लेकिन फिलहाल उन्होंने इसकी पुष्टि नहीं की है.

इसे भी पढ़े- 41 की उम्र में रोनाल्डो का जलवा, विश्व कप नॉकआउट में दागा अपना पहला गोल