MI के कोच महेला जयवर्धने ने Rohit Sharma की इंजरी पर दिया अपडेट, इस दिन होगी वापसी

मुंबई इंडियंस के हेड कोच Mahela Jayawardene ने Rohit Sharma की चोट को लेकर अहम जानकारी दी है. उन्होंने बताया कि रोहित तेजी से रिकवरी कर रहे हैं और जल्द ही टीम के साथ जुड़ सकते हैं.

By AmleshNandan Sinha | April 17, 2026 4:57 PM

Rohit Sharma Injury Update: मुंबई इंडियंस (MI) के हेड कोच महेला जयवर्धने ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 सीजन में टीम का खराब प्रदर्शन किसी एक खिलाड़ी की गलती नहीं, बल्कि टीम से जुड़े सभी लोगों की वजह से है. हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली टीम को इस सीजन में लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा, जब गुरुवार को पंजाब किंग्स (PBKS) ने उन्हें 7 विकेट से हरा दिया. इस मैच में रोहित शर्मा नहीं खेल पाए थे, क्योंकि पिछले मैच में रोहित को हैमस्ट्रिंग इंजरी हो गई थी. अब कोच जयवर्धने ने रोहित की चोट पर अपडेट दिया और साथ ही हार के कारणों की समीक्षा भी की है.

5 में से केवल 1 मैच जीत पाई है एमआई

एमआई ने आईपीएल 2026 की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ छह विकेट की जीत से की थी, लेकिन उसके बाद उन्हें दिल्ली कैपिटल्स (DC), राजस्थान रॉयल्स (RR), रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और अब पीबीकेएस से हार का सामना करना पड़ा है. मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में बोलते हुए जयवर्धने ने कहा कि टीम का खराब प्रदर्शन किसी एक व्यक्ति की नहीं बल्कि सामूहिक जिम्मेदारी है. उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि कोचिंग स्टाफ और प्रबंधन को पंजाब से मिली हार के बाद जिम्मेदारी लेनी चाहिए और टीम में सुधार लाने के लिए काम करना चाहिए.

पूरी टीम को लेनी होगी हार की जिम्मेदारी

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि जब हम अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे होते हैं तो इसकी जिम्मेदारी हम सभी पर होती है. यह किसी एक व्यक्ति की गलती नहीं है. यह काफी हद तक मेरी, प्रबंधन में शामिल हर व्यक्ति की जिम्मेदारी है कि हम देखें कि हम कैसे बेहतर हो सकते हैं. मुझे पता है कि हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं. हम पूरी तरह से पिछड़ नहीं रहे हैं, लेकिन साथ ही दूसरी टीमें कहीं बेहतर और अधिक कुशल हैं. जाहिर है, जब उन्हें इस तरह की शुरुआत मिलती है तो उनका आत्मविश्वास भी बढ़ जाता है, इसलिए हमें केवल उन पहलुओं पर नियंत्रण रखने की जरूरत है जिन पर हम नियंत्रण रख सकते हैं.’

रोहित की चोट पर मिला ये अपडेट

रोहित शर्मा की चोट पर अपडेट देते हुए जयवर्धने ने कहा, ‘उन्होंने कल से दौड़ना शुरू कर दिया है. हम हर दिन देखेंगे कि उन्हें कैसा महसूस होता है. वह अपने शरीर को किसी और से बेहतर जानते हैं, इसलिए यह कोई गंभीर बात नहीं है, लेकिन साथ ही, हम उन पर दबाव नहीं डालना चाहते क्योंकि अभी सीजन की शुरुआत ही है.’ मैच की बात करें तो, पंजाब किंग्स ने वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस पर सात विकेट से शानदार जीत हासिल करते हुए आईपीएल 2026 में अपना दबदबा बरकरार रखा.

टेबल टॉपर बना पंजाब किंग्स

इस जीत के साथ, पीबीकेएस चार जीत और एक रद्द हुए मैच के अंक के साथ टेबल टॉपर बन गई है. केकेआर ने डिफेंडिंग चैंपियन आरसीबी को पीछे छोड़ दिया, जबकि एमआई पांच मैचों में सिर्फ एक जीत के साथ नौवें स्थान पर खिसक गई है. 196 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए पंजाब ने महज 16.3 ओवरों में 198/3 रन बना लिए. प्रभसिमरन सिंह ने 39 गेंदों पर नाबाद 80 रन बनाकर शानदार प्रदर्शन किया, वहीं कप्तान श्रेयस अय्यर ने 35 गेंदों पर 66 रनों की तूफानी पारी खेली.

ये भी पढ़ें…

GT vs KKR: क्या केकेआर को मिलेगा मथीशा पथिराना का साथ, जानें हेल्थ अपडेट

डगआउट में मोबाइल फोन इस्तेमाल के लिए RR मैनेजर पर लगा जुर्माना, सूर्यवंशी का क्या?