इंग्लैंड फुटबॉल टीम के जूते और ट्रेनिंग गियर चोरी, पुलिस जांच में जुटी

FIFA World Cup 2026: फीफा विश्वकप 2026 शुरू हो चूका है. इंग्लैंड के मैच से पहले एक बड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई है. इंग्लैंड फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों के सामान चोरी हो गए हैं.

By Swayam Rishi | June 13, 2026 12:19 PM

FIFA World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में अपने अभियान की शुरुआत करने से पहले इंग्लैंड की फुटबॉल टीम एक बड़ी घटना का शिकार हो गयी है. टीम के खिलाड़ियों के मुख्य मैच बूट्स, टूर्नामेंट की आधिकारिक फुटबॉलें और अन्य ट्रेनिंग उपकरण रास्ते से चोरी हो गए हैं. यह घटना तब हुई जब टीम का सामान फ्लोरिडा के प्री-टूर्नामेंट बेस से कंसास सिटी स्थित उनके आधिकारिक कैंप ‘स्वोप सॉकर विलेज’ भेजा जा रहा था.

ट्रक खाली करते वक्त हुआ चोरी का खुलासा

फुटबॉल एसोसिएशन के लॉजिस्टिक्स स्टाफ को इस चोरी का पता तब चला जब सामान ले जा रहे वाहनों को कंसास सिटी में अनलोड किया जा रहा था. कई प्रमुख खिलाड़ियों के पर्सनलाइज्ड बूट्स और अभ्यास किट गायब मिले. कंसास सिटी मिसौरी पुलिस विभाग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत कार्रवाई की है और इस सिलसिले में दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है.

थॉमस ट्यूशेल की रणनीतियों को लगा झटका

इंग्लैंड टीम के नए मैनेजर थॉमस ट्यूशेल के लिए यह एक बड़ा सिरदर्द बन गया है. हालांकि ट्रेनिंग किट और फुटबॉल जैसी चीजों को दोबारा आसानी से मंगाया जा सकता है, लेकिन खिलाड़ियों के मैच बूट्स का चोरी होना गंभीर बात है. पेशेवर फुटबॉलर हमेशा अपने पैरों के हिसाब से पूरी तरह सेट और कंफर्टेबल हो चुके जूतों का ही इस्तेमाल करते हैं. ऐन वक्त पर नए जूते मिलने से खिलाड़ियों के प्रदर्शन और उनके कंफर्ट पर असर पड़ सकता है.

क्रोएशिया के खिलाफ मैच से पहले समय कम

इंग्लैंड को 17 जून को डलास में क्रोएशिया के खिलाफ वर्ल्ड कप के अपने पहले ग्रुप-L मैच के लिए मैदान पर उतरना है. टीम को रविवार से अपना पहला फुल-ट्रेनिंग सेशन शुरू करना था.अब अधिकारियों के पास सामान को रिकवर करने या खिलाड़ियों के लिए नए जूतों का इंतजाम करने के लिए सिर्फ 3 दिन बचे हैं. एफए (FA) लगातार स्थानीय पुलिस के संपर्क में है ताकि जल्द से जल्द सामान को वापस पाया जा सके.

ये भी पढ़े : एमएलसी 2026: डेटा और अश्विन के साथ यूनिकॉर्न्स का खिताबी सपना