हैदराबाद को लग सकता है बड़ा झटका, आईपीएल 2027 के लिए पैट कमिंस के पास समय नहीं
Pat Cummins : IPL 2026 के सदमे से अभी सनराइजर्स हैदराबाद की टीम उबर भी नहीं पाई थी कि उसके सामने दूसरी बुरी खबर आ गई है. उसके कप्तान पैट कमिंस ने ऐसे संकेत दिए हैं कि संभवत: वे 2027 के आईपीएल का हिस्सा नहीं होंगे.
Pat Cummins : इंडियन प्रीमियर लीग के फैंस और खासकर सनराइजर्स हैदराबाद के लिए एक बेहद चौंकाने वाली खबर सामने आ रही है. कमिंस ने सालभर पहले ही इस बड़े फैसले के पीछे की असली वजह का खुलासा कर दिया है.
टीम के कप्तान और ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने संकेत दिए हैं कि वे शायद आईपीएल 2027 का हिस्सा नहीं होंगे. सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड अखबार से बातचीत के दौरान कमिंस ने साफ किया कि लगातार हो रही चोटों और ऑस्ट्रेलिया के बेहद व्यस्त इंटरनेशनल शेड्यूल के कारण उन्हें आईपीएल से दूरी बनानी पड़ सकती है.
आईपीएल 2026 में भी देर से किया था ज्वाइन
पैट कमिंस अपनी फिटनेस की समस्या के चलते आईपीएल 2026 के भी सभी मैच नहीं खेल पाए थे. वे टूर्नामेंट के बीच में टीम के साथ जुड़े थे. उनकी गैर-मौजूदगी में इशान किशन ने कुछ मैचों के लिए सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी की थी. हैदराबाद ने आईपीएल 2026 में प्लेऑफ तक का सफर तय किया था. इससे पहले 2024 में कमिंस हैदराबाद को फाइनल तक ले गए थे.
देश के लिए खेलना पहली प्राथमिकता पैट कमिंस
पैट कमिंस ने कहा है देश के लिए खेलने को प्राथमिकता देनी है, तो मुझे कुछ तो छोड़ना ही पड़ेगा. यह टेस्ट मैच या वनडे वर्ल्ड कप तो बिल्कुल नहीं होने वाले. उन्होंने कहा कि वह आईपीएल के बारे में फैसला फ्रेंचाइजी से बात करके लेंगे. अगर मैं भारत में खेलता हूं, तो मुझे एशेज सीरीज से पहले जो जरूरी आराम चाहिए, वो नहीं मिल पाएगा.
ऑस्ट्रेलिया का बिजी शेड्यूल बना वजह
अगले 12 महीनों में ऑस्ट्रेलियाई टीम का शेड्यूल सांस लेने का मौका भी नहीं देने वाला है. ऑस्ट्रेलिया को आने वाले दिनों में भारत, इंग्लैंड, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के खिलाफ कुल 21 टेस्ट मैच खेलने हैं. मार्च 2027 में मेलबर्न में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट की 150वीं सालगिरह पर एक ऐतिहासिक टेस्ट होना है, जो आईपीएल के दौरान ही प्रस्तावित है. फिर जून में एशेज सीरीज खेली जाएगी, ऑस्ट्रेलिया ने साल 2001 के बाद से इंग्लैंड की धरती पर एशेज सीरीज नहीं जीती है, इसलिए कमिंस वहां पूरी तरह फिट होकर कप्तानी करना चाहते हैं. साल 2027 के आखिरी महीनों में साउथ अफ्रीका में वनडे वर्ल्ड कप होना है, जहां ऑस्ट्रेलिया बतौर डिफेंडिंग चैंपियन मैदान पर उतरेगा. यही कारण है कि कमिंस, मिचेल स्टार्क और जॉश हेजलवुड जैसे सीनियर गेंदबाजों को बीच-बीच में ब्रेक दिया जा सकता है. ये तीनों खिलाड़ी अभी चोटों के शिकार रहे है, इस वजह से आईपीएल 2026 के सभी मैच में उपलब्ध नहीं थे.
इनपुट : अरकम अब्दुल मन्नान
ये भी पढ़ें : फुटबॉल जगत में बड़ा धमाका, इंग्लैंड के स्टार लेफ्ट विंगर एंथनी गॉर्डन अब बार्सिलोना के हुए
