Til Palak Paratha Recipe: आयरन और कैल्शियम का पावर कॉम्बो है ये पराठा, नाश्ते में खाएं और पूरे दिन रहें एनर्जेटिक
Til Palak Paratha Recipe: सर्दियों में अगर आप अपने खाने में स्वाद के साथ सेहत भी जोड़ना चाहते हैं, तो तिल पालक पराठा एक परफेक्ट ऑप्शन है. पालक का आयरन और तिल का कैल्शियम मिलकर इस पराठे को सुपर हेल्दी बनाते हैं. यह रेसिपी नाश्ते, टिफिन और हल्के डिनर के लिए भी बेहतरीन चॉइस है.
Til Palak Paratha Recipe: सर्दियों के इन दिनों में हमारे शरीर को सिर्फ गर्माहट की ही नहीं बल्कि एक्स्ट्रा न्यूट्रिशन की भी जरूरत पड़ती है. ऐसे में हमारे दिमाग में यह सवाल उठता है कि आखिर ऐसी कौन सी चीज खायी जाए जो शरीर को हर तरह से फायदा पहुंचाए. अगर आप भी सर्दियों के इन दिनों में खाने के लिए एक ऐसी ही डिश की तलाश में हैं तो तिल पालक पराठा आपके लिए बेहतरीन ऑप्शन है. यह पराठे इसलिए भी खास बन जाते हैं क्योंकि इसमें आपको एक ही जगह पर पालक और खूबियां मिल जाती है. पालक में आयरन पाया जाता हैं जबकि तिल में भरपूर मात्रा में कैल्शियम. ये दोनों ही चीजें साथ मिलकर आपके शरीर को अंदर से मजबूती देते हैं और कई तरह के फायदे भी पहुंचाते हैं. तो चलिए जानते हैं तिल पालक पराठा बनाने की सबसे आसान और हेल्दी रेसिपी.
तिल पालक पराठा बनाने के लिए जरूरी सामग्री
- गेहूं का आटा – 2 कप
- बारीक कटी पालक – 1 कप
- सफेद तिल – 2 बड़े चम्मच
- अदरक-लहसुन का पेस्ट – 1 छोटा चम्मच
- हरी मिर्च – 1 बारीक कटी हुई
- नमक – स्वादानुसार
- अजवाइन – आधा छोटा चम्मच
- हल्दी – एक चौथाई छोटा चम्मच
- तेल या घी – पराठा सेंकने के लिए
- पानी – आटा गूंथने के लिए
तिल पालक पराठा बनाने की रेसिपी
- तिल पालक पराठा बनाने के लिए सबसे पहले पालक को अच्छी तरह धोकर बारीक काट लें. इसके बाद एक कढ़ाही में थोड़ा सा तेल गर्म करें और उसमें अदरक-लहसुन का पेस्ट और हरी मिर्च डालकर हल्का भून लें. अब इसमें कटी हुई पालक डालें और 2 से 3 मिनट तक पकाएं, ताकि उसका कच्चापन खत्म हो जाए. अंत में गैस बंद कर दें और मिश्रण को ठंडा होने दें.
- इसके बाद एक बड़े बर्तन में गेहूं का आटा लें और फिर इसमें तिल, अजवाइन, हल्दी और नमक डालकर अच्छे से मिलाएं. अब आपको इसमें तैयार पालक का मिश्रण डालकर थोड़ा-थोड़ा पानी डालते हुए सॉफ्ट आटा गूंथ लेना है. अब आटे को 10 मिनट ढककर रख दें.
- इसके बाद आटे से मीडियम साइज की लोइयां बनाएं और फिर हर लोई को बेलकर गोल पराठा तैयार करें. अब गर्म तवे पर पराठा डालें और दोनों तरफ से घी या तेल लगाकर गोल्डन होने तक सेंक लें. इसी तरह एक-एक करके सारे पराठे तैयार कर लें.
- तिल पालक पराठा को दही, बटर, हरी चटनी या अचार के साथ काफी ज्यादा टेस्टी लगता है.
