पाकिस्तान ने एयरस्पेस बैन बढ़ाया: भारतीय विमानों के लिए अब 24 मई तक पाबंदी
India Pakistan Conflict: पाकिस्तान ने अपने हवाई क्षेत्र में भारतीय विमानों पर लगाए गए प्रतिबंध को मंगलवार को 24 मई तक के लिए बढ़ा दिया.
India Pakistan Conflict: पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद, भारत और पाकिस्तान ने एक-दूसरे के विमानों के लिए अपने-अपने हवाई क्षेत्र बंद कर दिए थे. पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र 24 अप्रैल, 2025 से भारतीय विमानों के लिए बंद है, वहीं पिछले साल 30 अप्रैल से पाकिस्तानी विमानों को भारतीय हवाई क्षेत्र का उपयोग करने की अनुमति नहीं है.
नोटम में पाकिस्तान ने क्या कहा?
पाकिस्तान हवाई अड्डा प्राधिकरण ने नोटिस टू एयरमेन (नोटम) में कहा है कि सभी भारतीय-पंजीकृत, पट्टे पर लिए गए, वाणिज्यिक और सैन्य विमानों को 24 मई, 2026 को सुबह पांच बजे तक पाकिस्तानी हवाई क्षेत्र में प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी. यह नोटिस पिछले नोटिस की समय सीमा 24 अप्रैल समाप्त होने से कुछ दिन पहले जारी किया गया.
24 अप्रैल तक पाकिस्तानी विमानों के लिए भारतीय एयरस्पेस बंद
पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र पर प्रतिबंध लागू हुए अब लगभग एक साल हो गया है, जिसके परिणामस्वरूप भारतीय विमानों को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों के लिए लंबे मार्ग अपनाने पड़ रहे हैं. भारत ने पाकिस्तानी विमानों को 24 अप्रैल को सुबह 5:30 बजे तक अपने हवाई क्षेत्र का इस्तेमाल करने से रोक रखा है और इस प्रतिबंध को आगे भी बढ़ाए जाने की संभावना है. पहलगाम आतंकी हमले के मद्देनजर भारत सरकार द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ उठाए गए विभिन्न कदमों के तहत लगाया गया यह प्रतिबंध शुरू में 24 मई, 2025 तक था और बाद में इसे हर महीने बढ़ाया गया.
ये भी पढ़ें: ईरान अमेरिका शांति वार्ता: अमेरिकी उपराष्ट्रपति वेंस कब जाएंगे पाकिस्तान? सामने आ गयी तारीख
