Very Heavy Rain Warning: 6 से 11 जुलाई तक भारी बारिश, पूरे सप्ताह गरज चमक का दौर,इन राज्यों में मासनून का कहर
Very Heavy Rain Warning: भारत मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 6 जुलाई से 11 जुलाई के बीच देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा. उत्तर भारत, मध्य भारत, पूर्वी भारत, पश्चिमी भारत और दक्षिण भारत के कई राज्यों में हल्की से मध्यम तथा कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है. कुछ इलाकों में अत्यधिक भारी वर्षा, आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है.
Very Heavy Rain Warning: मौसम विभाग के मुताबिक जम्मू-कश्मीर, लद्दाख में 6 से 11 जुलाई के दौरान अधिकांश स्थानों पर बारिश हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 6 से 8 जुलाई के बीच बहुत भारी बारिश की संभावना है. मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया गया है. पूरे सप्ताह गरज-चमक और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. वहीं हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 6 से 11 जुलाई तक अधिकांश इलाकों में बारिश होने की संभावना है. हिमाचल प्रदेश में 8 से 11 जुलाई के बीच और उत्तराखंड में 7 से 11 जुलाई के बीच भारी बारिश हो सकती है.
दिल्ली-यूपी से लेकर हरियाणा पंजाब तक बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग का अनुमान है कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में 6 जुलाई को हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है. 7 से 9 जुलाई और 11 जुलाई को बारिश का दायरा और बढ़ सकता है. साथ ही 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और बिजली गिरने की भी संभावना है. आईएमडी के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 6 से 8 जुलाई तक छिटपुट बारिश और 9 से 11 जुलाई के दौरान भारी वर्षा होने की संभावना है. पूर्वी उत्तर प्रदेश में 6 से 7 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश इसके बाद 8 से 11 जुलाई के बीच भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश हो सकती है.
राजस्थान में 6 से 9 जुलाई तक भारी से अतिभारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम मानसून के प्रभाव से राजस्थान की राजधानी जयपुर समेत कई जिलों में अच्छी बारिश दर्ज की गई. बीते 24 घंटों में सबसे अधिक 75 मिमी वर्षा सीकर के श्रीमाधोपुर में हुई, जबकि जयपुर में 40 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. इसके अलावा उदयपुर, झालावाड़, बारां और सिरोही में भी जोरदार बारिश हुई. मौसम विभाग के अनुसार जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर में अगले 5 से 7 दिनों तक मानसून सक्रिय रहेगा. वहीं, 6 से 9 जुलाई के दौरान दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में भारी से अतिभारी और पश्चिमी राजस्थान में 7 से 8 जुलाई को कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है.
छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में 5 दिनों तक बारिश के आसार
मध्य प्रदेश के इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, खरगोन समेत कई और हिस्सों में 6 से 10 जुलाई तक बारिश की संभावना है. 9 और 10 जुलाई को भारी वर्षा जबकि 6 से 8 जुलाई के दौरान कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है. वहीं विदर्भ में 6 और 7 जुलाई को भारी वर्षा की संभावना है. छत्तीसगढ़ में 6 जुलाई तक कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी और कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. 6 से 8 जुलाई तक भारी वर्षा का सिलसिला जारी रह सकता है.
बिहार-झारखंड समेत पूर्वी भारत में भारी बारिश का दौर
मौसम विभाग के मुताबिक झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 6 से 11 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना है. झारखंड में 6 से 8 जुलाई के बीच कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. राज्य में 6 से 9 जुलाई तक गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. बात करें बिहार की तो राज्य में पूरे सप्ताह छिटपुट बारिश होगी. हालांकि कुछ इलाकों में 6 से 8 जुलाई और 11 जुलाई को भारी बारिश की संभावना है. ओडिशा में 6 और 7 जुलाई को कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
असम मेघालय समेत पूर्वोत्तर भारत में गरज चमक के साथ बारिश
आईएमडी का अनुमान है कि पूर्वोत्तर भारत के कई इलाकों में अगले 5 से 6 दिनों तक भारी बारिश हो सकती है. अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 6 जुलाई को छिटपुट वहीं 7 से 11 जुलाई तक भारी वर्षा होने की संभावना है. नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में पूरे सप्ताह बारिश जारी रहेगी. इन सभी राज्यों में कई स्थानों पर भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना है.
पश्चिम भारत के कई इलाकों में मानसून का कहर
कोंकण गोवा में 6 से 11 जुलाई तक लगातार भारी वर्षा हो सकती है. 6 और 7 जुलाई को भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. गुजरात क्षेत्र में 6 से 9 जुलाई तक व्यापक बारिश होगी. 6 से 8 जुलाई के बीच भारी से बहुत भारी और कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं सौराष्ट्र और कच्छ में 6 और 7 जुलाई को बहुत भारी बारिश की संभावना है. मध्य महाराष्ट्र में 6 से 8 जुलाई तक अच्छी बारिश होगी
मुंबई में भारी से अत्यधिक भारी बारिश
भारत मौसम विज्ञान विभाग नें मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. ऐहतियातन राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने गैर-आवश्यक सरकारी और अर्ध-सरकारी कार्यालयों में दोपहर के बाद आधे दिन का अवकाश घोषित कर दिया है. निजी कंपनियों को भी कर्मचारियों को, जहां संभव हो वर्क फ्रॉम होम की सुविधा देने की सलाह दी है. आईएमडी ने मुंबई, ठाणे और रायगढ़ में 80 से 90 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश की संभावना जताई है.
दक्षिण भारत में कैसा रहेगा मौसम?
दक्षिण भारत की बात करें तो केरल, माहे और तटीय कर्नाटक में पूरे सप्ताह अच्छी बारिश होने की संभावना है. केरल में 6 और 7 जुलाई को बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है. तटीय कर्नाटक में 6 से 9 जुलाई तक कई स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है. उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 6 और 7 जुलाई को बहुत भारी वर्षा और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में 6 से 8 जुलाई के दौरान बहुत भारी बारिश की संभावना है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 6 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है. तटीय आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और तेलंगाना में पूरे सप्ताह हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक, तेज हवाएं और कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना बनी रहेगी.
Also Read: अगले 48 घंटे मुंबई में भारी से बहुत भारी बारिश, मानसून का कहर, IMD ने जारी किया रेड अलर्ट
