India-China ‘नरक’ जैसी जगह… विवादित रीपोस्ट पर ट्रंप का यू-टर्न, कहा- भारत महान देश

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति के सोशल मीडिया रीपोस्ट को लेकर विवाद के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने सफाई दी है. उन्होंने कहा कि वह भारत को महान देश मानते हैं और नेतृत्व को अच्छा मित्र मानते हैं.

By Pritish Sahay | April 24, 2026 12:30 AM

Donald Trump: हाल ही में सोशल मीडिया पर एक विवादित रीपोस्ट को लेकर उठे विवाद के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति ने यू-टर्न लेते हुए भारत को महान देश बताया है. ट्रंप के रीपोस्ट पर सफाई देते हुए अमेरिकी प्रशासन ने कहा कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भारत को एक महान देश मानते हैं और उसके नेतृत्व को अपना अच्छा मित्र मानते हैं.

कब शुरू हुआ विवाद?

यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब ट्रंप के सोशल मीडिया अकाउंट से एक रीपोस्ट शेयर किया, जिसमें रेडियो शो होस्ट माइकल सैवेज की टिप्पणियां शामिल थीं. इन टिप्पणियों में भारत, चीन और कुछ अन्य देशों को ‘नरक’ कहा गया था, जिसके बाद भारतीय मीडिया और राजनीतिक गलियारों में इस पर सवाल उठने लगे.

अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने दी सफाई

इस मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए अमेरिकी दूतावास के प्रवक्ता ने कहा- राष्ट्रपति ने साफ तौर से कहा है कि भारत एक महान देश है, जिसके शीर्ष नेतृत्व से उनके बहुत अच्छे संबंध हैं.” हालांकि, प्रवक्ता यह स्पष्ट नहीं कर सके कि ट्रंप ने यह टिप्पणी कब और किस संदर्भ में की थी. बताया जा रहा है कि सैवेज की विवादित टिप्पणियां अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट में जन्मजात नागरिकता को चुनौती देने वाले एक मामले को लेकर की गई थी.

भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने क्या कहा?

भारत की ओर से इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया भी आई है. एक सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा- हमने कुछ खबरें देखी हैं. मैं यहीं पर इसे छोड़ता हूं.

2030 तक 500 अरब अमेरिकी डॉलर के ट्रेड का टारगेट- विदेश मंत्रालय

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते (India-US Bilateral Trade Agreement) को लेकर कहा कि इस विषय पर बातचीत जारी है और सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि भारत की एक टीम हाल ही में वाशिंगटन डीसी गई थी, जहां दोनों देशों के बीच इस समझौते पर चर्चा हुई. जायसवाल के अनुसार, भारत और अमेरिका एक संतुलित, पारस्परिक रूप से लाभकारी और दूरदर्शी व्यापार समझौते की दिशा में काम कर रहे हैं. इस प्रक्रिया में दोनों पक्ष एक-दूसरे की चिंताओं और प्राथमिकताओं का ध्यान रख रहे हैं. उन्होंने यह भी कहा कि दोनों देशों का लक्ष्य साल 2030 तक 500 अरब अमेरिकी डॉलर के द्विपक्षीय व्यापार को हासिल करना है.

Also Read: होर्मुज में माइंस बिछाने वालों पर कार्रवाई की US नेवी को खुली छूट, ट्रंप ने देखते ही गोली मारने का दिया आदेश