यूपी में अगले 3 घंटे बाद शुरू होगा बारिश का दौर, कई जिलों में भारी वर्षा और आंधी-तूफान का अलर्ट

UP Weather: यूपी में अगले सात दिनों तक बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा. कई जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी हुआ है. प्रदेश के अधिकांश इलाकों में तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की गई है.

By Radheshyam Kushwaha | July 5, 2026 4:58 PM

UP Weather: उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के लखनऊ स्थित क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा जारी 5 जुलाई 2026 के पूर्वानुमान अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अगले सात दिनों तक बारिश और गरज-चमक का सिलसिला जारी रहेगा. पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों क्षेत्रों में वर्षा की गतिविधियों में बढ़ोतरी के संकेत हैं, जबकि कई जिलों के लिए भारी बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी भी जारी की गई है.

7 जुलाई से प्रदेश में तेज होगी बारिश की गतिविधियां

मौसम विभाग के अनुसार 5 और 6 जुलाई को प्रदेश के अधिकांश इलाकों में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक होने की संभावना है. 7 और 8 जुलाई से वर्षा का दायरा बढ़ेगा तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में अनेक स्थानों पर बारिश होने के आसार हैं. 9 से 11 जुलाई के बीच पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में कई स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक की गतिविधियां दर्ज होने की संभावना जताई जा रही है.

मौसम विभाग की रिपोर्ट

यूपी में अगले 3 घंटे बाद शुरू होगा बारिश का दौर, कई जिलों में भारी वर्षा और आंधी-तूफान का अलर्ट 2

पूर्वी यूपी में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी, पश्चिमी यूपी भी रहेगा प्रभावित

विभाग ने 5 जुलाई को दोनों हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चलने वाली तेज हवाओं, आकाशीय बिजली और गरज-चमक की चेतावनी जारी की है. कुछ स्थानों पर हवाओं की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है. 8 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश तथा 9 जुलाई को दोनों क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है. वहीं 10 और 11 जुलाई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में भारी से बहुत भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया गया है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

प्रयागराज रहा सबसे गर्म, अगले सप्ताह और सक्रिय होगा मानसून

पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश का सर्वाधिक अधिकतम तापमान प्रयागराज में 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, इसके बाद बांदा और बस्ती में 40.0 डिग्री तथा बलिया में 39.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ. वहीं न्यूनतम तापमान नजीबाबाद में 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा. मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली, तेज हवाओं और भारी वर्षा के दौरान विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है. अगले सप्ताह प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां और अधिक प्रभावी रहने की संभावना है.

Read Also- यूपी के बहराइच में मगरमच्छ के मुंह में मिला शव, शादी समारोह में गई थीं महिला, दहशत में लोग