कानपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, ट्रक के कागजात चेक कर रहे दो ट्रैफिक सिपाहियों को कंटेनर ने रौंदा
UP Accident News: कानपुर के बर्रा एलिवेटेड रोड पर हुए भीषण सड़क हादसे में ड्यूटी पर तैनात दो ट्रैफिक सिपाही को कंटेनर ने कुचल दिया. हादसे में एक सिपाही और ट्रक चालक की मौत हो गई, जबकि दूसरे सिपाही गंभीर है.
UP Accident News: कानपुर के बर्रा एलिवेटेड रोड पर सोमवार सुबह करीब 4 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. ड्यूटी पर तैनात दो ट्रैफिक सिपाही एक ट्रक चालक के दस्तावेजों की जांच कर रहे थे, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आए माल से लदे कंटेनर ने ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि ट्रक करीब 50 मीटर तक घिसटता चला गया और उसके साथ दोनों सिपाही व ट्रक चालक भी चपेट में आ गए. दुर्घटना में ट्रैफिक कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और ट्रक चालक रितेश कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे सिपाही राकेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
ट्रक रोककर कर रहे थे दस्तावेजों की जांच
पुलिस के मुताबिक, ट्रैफिक कांस्टेबल जितेंद्र कुमार और राकेश कुमार की ड्यूटी नौबस्ता चौराहे पर थी. देर रात झारखंड नंबर का एक खाली ट्रक नौबस्ता रैंप से होते हुए पनकी स्थित प्लांट की ओर जा रहा था. दोनों सिपाहियों ने ट्रक को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक वाहन लेकर आगे बढ़ गया. शक होने पर दोनों ने उसका पीछा किया और बर्रा बाईपास स्थित प्रिया नर्सिंग हॉस्पिटल के सामने एलिवेटेड फ्लाईओवर पर ट्रक को रुकवा लिया. इसके बाद चालक को नीचे उतारकर ट्रक के पीछे उसके दस्तावेजों की जांच की जा रही थी. इसी दौरान चालक ने अपने मालिक राजेश यादव, जो बिहार के भोजपुर के रहने वाले हैं, उनसे फोन पर दोनों सिपाहियों की बात भी कराई गई. तभी पीछे से आए कंटेनर ने ट्रक को टक्कर मार दी और कुछ ही सेकंड में पूरा घटनास्थल हादसे में बदल गया.
आगरा, बुलंदशहर और बिहार से जुड़े थे तीनों
हादसे में जान गंवाने वाले ट्रैफिक कांस्टेबल जितेंद्र कुमार वर्ष 2018 बैच के सिपाही थे और मूल रूप से आगरा के रहने वाले थे. घायल सिपाही राकेश कुमार बुलंदशहर के निवासी हैं. वहीं, मृतक ट्रक चालक रितेश कुमार यादव बिहार के भोजपुर जिले का रहने वाला था और झारखंड नंबर का खाली ट्रक लेकर पनकी स्थित प्लांट जा रहा था. हादसे के बाद पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी, जबकि घायल सिपाही का अस्पताल में इलाज जारी है.
दो घंटे तक बाधित रहा यातायात
घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) डॉ. विपिन टाडा और डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली. दुर्घटना के कारण बर्रा एलिवेटेड रोड पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा. बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी.
कोमल अग्रवाल की रिपोर्ट
