फ्रिज में सिक्का रखने वाली ट्रिक के फायदे जानेंगे, तो आप भी अपनाएंगे

What is 1 rupee Coin Freezer Trick: अगर आप छुट्टियों पर जा रहे हैं या कुछ दिनों के लिए घर से बाहर रहने वाले हैं, तो फ्रीजर में 1 रुपये का सिक्का रखना न भूलें. यह मामूली-सा उपाय लौटने पर आपको बता सकता है कि बिजली गई थी या नहीं और फ्रीजर में रखा खाना सुरक्षित है या खराब होने की कगार पर पहुंच चुका है.

By Shivani Shah | June 18, 2026 3:19 PM

गर्मी के दिनों में फ्रीजर हमारे खाने-पीने की चीजों को सुरक्षित रखने का काम करता है, लेकिन अगर आपकी गैरमौजूदगी में बिजली चली जाए तो क्या होगा? कई बार बिजली आने के बाद फ्रीजर दोबारा ठंडा हो जाता है और हमें पता ही नहीं चलता, कि अंदर रखा खाना पिघलकर फिर से जम चुका है. इस प्रॉब्लम का एक आसान और दिलचस्प सॉल्यूशन सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है. इसके लिए आपको सिर्फ 1 रुपये के एक सिक्के और एक कप पानी की जरूरत होगी. पानी और कप की यह आसान ट्रिक मिनटों में बता सकती है, कि आपके फ्रीजर में रखा खाना सुरक्षित है या नहीं. आइए जानते हैं कैसे.

क्या है 1 रुपये वाले सिक्के की ट्रिक?

इस ट्रिक को आजमाने के लिए सबसे पहले एक गिलास या कप में पानी भरकर फ्रीजर में रख दें. जब पानी पूरी तरह बर्फ में बदल जाए, तो उसके ऊपर 1 रुपये का सिक्का रख दें और कप को वापस फ्रीजर में रख दें. अगर आप कहीं यात्रा पर जा रहे हैं या एक-दो दिन के लिए घर से बाहर रहने वाले हैं, तो यह तरीका आपके काफी काम आ सकता है.

लौटने पर ऐसे करें जांच

घर वापस आने के बाद कप में रखे सिक्के की स्थिति देखें. अगर सिक्का अभी भी बर्फ की ऊपरी सतह पर ही जमा हुआ है, तो इसका मतलब है कि फ्रीजर का तापमान स्थिर रहा और बिजली कटने की कोई बड़ी समस्या नहीं हुई. अगर सिक्का बर्फ के अंदर धंस गया है, तो यह संकेत हो सकता है कि किसी समय बर्फ पिघली थी और बाद में दोबारा जम गई. यानी फ्रीजर कुछ समय के लिए बंद रहा या बिजली चली गई थी. ऐसे में सिक्का जितना ज्यादा नीचे धंसा होगा, उतनी ही ज्यादा देर तक बर्फ पिघली रहने की संभावना होगी.

यह ट्रिक क्यों है जरूरी?

बिजली कटने के बाद फ्रीजर में रखा खाना पिघल सकता है और बाद में दोबारा जम सकता है. इस तरह के खानों में बैक्टीरिया, वायरस या अन्य हानिकारक सूक्ष्मजीव पनप सकते हैं, जिससे फूड पॉइजनिंग और पेट से जुड़ी समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है. कई बार बाहर से देखने पर खाना ठीक-ठाक लगता है, लेकिन उसकी क्वालिटी खराब हो चुकी होती है. ऐसे में यह साधारण कॉइन टेस्ट आपको यह समझने में मदद कर सकता है कि फ्रीजर में रखा भोजन सुरक्षित है या नहीं.

छोटा उपाय, बड़ी सुरक्षा

1 रुपये के सिक्के वाली यह ट्रिक बेहद आसान, सस्ती और उपयोगी है. खासकर उन लोगों के लिए जो अक्सर यात्रा करते हैं या ऐसे क्षेत्रों में रहते हैं जहां बिजली कटौती की समस्या रहती है. यह छोटा-सा उपाय आपको फ्रीजर में रखे खाने की स्थिति का अंदाजा लगाने में मदद कर सकता है और खराब भोजन खाने से बचा सकता है.

ध्यान रहे, फ्रिज में 1 रुपये के सिक्के रखने की यह ट्रिक एक वायरल घरेलू उपाय है. इस खबर में आपको जो भी जानकारी दी गई है, वह सोशल मीडिया पर किए गए दावों पर आधारित है और प्रभात खबर इनकी पुष्टि नहीं करता है. इसको आजमाने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर ले लें.

यह भी पढ़ें: 700 रुपये की यह डिवाइस बचाएगी AC और गीजर से होने वाले हादसों से, जानिए कैसे