Jio का ₹448 या Airtel का ₹469 वाला प्लान, 84 दिनों के लिए किसका प्लान है ज्यादा फायदेमंद?

अगर आप सिर्फ कॉलिंग के लिए SIM एक्टिव रखना चाहते हैं, तो Jio-Airtel के 84 दिनों की वैलिडिटी वाले Voice-Only प्लान आपके काम आ सकते हैं. दोनों प्लान अनलिमिटेड कॉलिंग और SMS के साथ आते हैं, लेकिन कीमत और एक्स्ट्रा बेनेफिट्स के मामले में इनमें अंतर है.

By Shivani Shah | July 5, 2026 12:49 PM

Jio 448 रुपये और Airtel 469 रुपये में अपने यूजर्स को 84 दिनों की वैलिडिटी वाले प्लान ऑफर कर रहे हैं, जिनमें अनलिमिटेड कॉलिंग और SMS की सुविधा मिलती है, लेकिन डेली डेटा का फायदा नहीं मिलता. दोनों की कीमत में केवल 21 रुपये का अंतर है, लेकिन SMS और एक्स्ट्रा बेनेफिट्स के मामले में दोनों प्लान्स अलग हैं. ऐसे में यहां जानिए 84 दिनों तक SIM एक्टिव रखने और कॉलिंग के लिए दोनों में से किस कंपनी का प्लान ज्यादा पैसा वसूल है?

Jio का 448 रुपये वाला प्लान

अगर आपको सिर्फ कॉलिंग की जरूरत है, तो Jio का 448 रुपये वाला प्लान अच्छा ऑप्शन है. इसमें 84 दिनों की सर्विस वैलिडिटी के साथ अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग और टोटल 1000 SMS मिलते हैं. हालांकि, इस प्लान में किसी भी तरह का रेगुलर मोबाइल डेटा शामिल नहीं है. जरूरत पड़ने पर यूजर्स अलग से डेटा वाउचर के जरिए इंटरनेट डेटा ले सकते हैं. प्लान के साथ JioTV और JioAICloud का एक्सेस भी मिलता है. ध्यान देने वाली बात यह है कि इस प्लान से अनलिमिटेड 5G डेटा का फायदा नहीं मिलता है. कम कीमत में लंबी वैलिडिटी और कॉलिंग की जरूरत पूरी करने के लिहाज से यह प्लान उन यूजर्स के लिए काम का साबित हो सकता है, जो मोबाइल इंटरनेट के लिए Wi-Fi या दूसरे कनेक्शन पर निर्भर रहते हैं.

Airtel का 469 रुपये वाला प्लान

Airtel का Voice-Only प्लान Jio से 21 रुपये महंगा है. 469 रुपये के इस प्लान में भी 84 दिनों की सर्विस वैलिडिटी और अनलिमिटेड वॉयस कॉलिंग मिलती है. इसके साथ यूजर्स को टोटल 900 SMS दिए जाते हैं. इस प्लान में भी रेगुलर मोबाइल डेटा नहीं मिलता है और इंटरनेट की जरूरत पड़ने पर अलग से डेटा वाउचर लेना होगा. एक्स्ट्रा बेनिफिट्स की बात करें, तो Airtel इस प्लान के साथ 12 महीने के लिए Adobe Express Premium का एक्सेस देता है. इसके अलावा Safe Network सर्विस और फ्री HelloTunes जैसे फायदे भी शामिल हैं.

कौन सा प्लान बेहतर?

अगर केवल कीमत और बेसिक कॉलिंग जरूरत को देखें, तो Jio का 448 रुपये वाला प्लान थोड़ा किफायती है. यह Airtel के मुकाबले 21 रुपये सस्ता है और इसमें 100 एक्स्ट्रा SMS भी मिलते हैं. हालांकि, अगर आप Adobe Express Premium का इस्तेमाल फोटो, सोशल मीडिया पोस्ट या दूसरे क्रिएटिव कंटेंट बनाने के लिए कर सकते हैं, तो Airtel का 469 रुपये वाला प्लान एक्स्ट्रा 21 रुपये खर्च करने के लिहाज से ज्यादा काम का साबित हो सकता है.

यह भी पढ़ें: नया ब्रॉडबैंड लगवाने का है प्लान? जानिए Jio और Airtel में कौन दे रहा बेहतर डील