Samsung, Redmi, Poco या Oppo? ₹15,000 से कम में कौन-सा 5G फोन सबसे दमदार

कम बजट में लंबी बैटरी वाला 5G स्मार्टफोन खरीदना चाहते हैं? Samsung, Redmi, Poco, Oppo और Lava के इन फोन्स में 6,000mAh से 6,300mAh बैटरी, 120Hz डिस्प्ले और शानदार फीचर्स मिलते हैं.

By Rajeev Kumar | July 5, 2026 12:28 PM

अगर आप नया 5G स्मार्टफोन खरीदने की योजना बना रहे हैं और चाहते हैं कि बार-बार चार्जर खोजने की जरूरत न पड़े, तो अब बजट सेगमेंट में भी कई शानदार विकल्प मौजूद हैं. पहले जहां 5,000mAh बैटरी को स्टैंडर्ड माना जाता था, वहीं अब 6,000mAh और 6,300mAh बैटरी वाले स्मार्टफोन भी ₹15,000 से कम कीमत में उपलब्ध हैं. इन फोन्स में सिर्फ बड़ी बैटरी ही नहीं, बल्कि 120Hz डिस्प्ले, 5G कनेक्टिविटी, दमदार प्रॉसेसर और तेज चार्जिंग जैसी खूबियां भी मिल रही हैं. अगर आपका बजट सीमित है, तो ये बजट स्मार्टफोन आपकी जरूरतों को आसानी से पूरा कर सकते हैं.

Samsung Galaxy F70e 5G बना सबसे मजबूत विकल्प

इस बजट में Samsung Galaxy F70e 5G सबसे आकर्षक विकल्पों में शामिल है. इसमें 6,000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो लंबे समय तक बैकअप देने का दावा करती है. फोन में 6.7 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले, 120Hz रिफ्रेश रेट और MediaTek Dimensity 6300 प्रॉसेसर मिलता है. कैमरे की बात करें तो इसमें 50MP का प्राइमरी कैमरा और 8MP का फ्रंट कैमरा दिया गया है. खास बात यह है कि कंपनी इस फोन के लिए छह साल तक एंड्रॉयड अपडेट और सिक्योरिटी अपडेट देने का वादा कर रही है. इसकी शुरुआती कीमत ₹13,999 है.

Lava और Oppo के फोन भी हैं दमदार

अगर आप भारतीय ब्रांड को प्राथमिकता देते हैं, तो Lava Bold N2 5G भी अच्छा विकल्प साबित हो सकता है. इसमें 6,000mAh बैटरी, 120Hz डिस्प्ले और Unisoc T8200 प्रॉसेसर दिया गया है. कंपनी का दावा है कि यह फोन एक बार चार्ज करने पर लंबे समय तक वीडियो प्लेबैक और स्क्रीन-ऑन टाइम देता है. इसकी कीमत ₹12,999 रखी गई है.

वहीं Oppo K13x 5G उन यूजर्स के लिए बेहतर है जो बड़ी बैटरी के साथ फास्ट चार्जिंग भी चाहते हैं. इसमें 6,000mAh बैटरी के साथ 45W SuperVOOC चार्जिंग, MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट, 50MP कैमरा और IP65 रेटिंग जैसी सुविधाएं मिलती हैं. इसकी शुरुआती कीमत ₹11,999 है.

Poco C85x 5G और Redmi 15A 5G में 6,300mAh बैटरी

अगर आपकी पहली प्राथमिकता सबसे लंबा बैटरी बैकअप है, तो Poco C85x 5G और Redmi 15A 5G पर नजर डाल सकते हैं. दोनों स्मार्टफोन में 6,300mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जिसे कंपनी लगभग दो दिन तक चलने वाला बैकअप बताती है.

Poco C85x 5G में 6.9 इंच का 120Hz डिस्प्ले, Unisoc T8300 प्रॉसेसर और 32MP का मुख्य कैमरा मिलता है. इसकी शुरुआती कीमत ₹10,999 है.

दूसरी ओर Redmi 15A 5G में भी वही 6,300mAh बैटरी, 120Hz डिस्प्ले, Unisoc T8300 5G प्रॉसेसर और 32MP कैमरा दिया गया है. कंपनी इस फोन के लिए चार साल तक एंड्रॉयड अपडेट और छह साल तक सिक्योरिटी अपडेट देने का दावा करती है. इसकी शुरुआती कीमत ₹12,999 है.

15,000 रुपये से कम कीमत वाले बेहतरीन 5G फोन

सिर्फ बड़ी बैटरी देखकर स्मार्टफोन खरीदना सही फैसला नहीं होता. आपको प्रॉसेसर, सॉफ्टवेयर अपडेट, कैमरा क्वाॅलिटी, चार्जिंग स्पीड और स्टोरेज जैसे पहलुओं को भी ध्यान में रखना चाहिए. अगर आपका इस्तेमाल गेमिंग और मल्टीटास्किंग का है, तो MediaTek Dimensity 6300 जैसे प्रॉसेसर वाले मॉडल बेहतर रहेंगे. वहीं अगर आपकी प्राथमिकता सिर्फ लंबा बैटरी बैकअप है, तो 6,300mAh बैटरी वाले Poco C85x 5G और Redmi 15A 5G अच्छे विकल्प साबित हो सकते हैं.

₹15,000 के बजट में मिल रहे हैं पहले से ज्यादा बेहतर विकल्प

अब बजट स्मार्टफोन सेगमेंट पहले की तुलना में काफी मजबूत हो चुका है. ₹15,000 से कम कीमत में 5G सपोर्ट, बड़ी बैटरी, हाई रिफ्रेश रेट डिस्प्ले और बेहतर सॉफ्टवेयर सपोर्ट वाले कई विकल्प उपलब्ध हैं. अगर आप ऐसा स्मार्टफोन चाहते हैं जो पूरे दिन आराम से साथ निभाए और बार-बार चार्जिंग की चिंता खत्म कर दे, तो ये सभी मॉडल आपकी शॉर्टलिस्ट में जरूर होने चाहिए.

यह भी पढ़ें: एक में 7000mAh की बैटरी तो दूसरे में 50MP का फ्रंट कैमरा, ₹20000 से कम में आते हैं ये 5 फोन्स

यह भी पढ़ें: मोबाइल खरीदने वालों के लिए खुशखबरी? बजट फोन पर GST घटाने की सिफारिश