स्मार्टफोन ब्लास्ट का वीडियो वायरल, कहीं आप भी तो नहीं कर रहे यह गलती?

चीन में चार्जिंग के दौरान एक लड़की का स्मार्टफोन अचानक फट गया. वायरल वीडियो पर एक्सपर्ट्स की चेतावनी है कि चार्जिंग पर गेम खेलना, वीडियो देखना या फोन को तकिये के नीचे रखना बेहद खतरनाक है. बैटरी ओवरहीटिंग से आग लग सकती है, इसलिए चार्जिंग के दौरान फोन को खुले स्पेस में रखें.

By Rajeev Kumar | March 15, 2026 11:51 AM

एक चौंकाने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें एक लड़की घर पर सोफे पर बैठकर मोबाइल चला रही थी और अचानक फोन में जोरदार ब्लास्ट हो गया. वीडियो देखकर साफ पता चलता है कि लड़की को कोई गंभीर चोट नहीं आई, लेकिन मोबाइल पूरी तरह जलकर गिर पड़ा. यह घटना चीन की बतायी जा रही है और यह पता नहीं चल पा रहा है कि यह किस समय का है. लेकिन यह घटना एक बार फिर चेतावनी देती है कि स्मार्टफोन को चार्जिंग के दौरान गलत तरीके से इस्तेमाल करना कितना खतरनाक हो सकता है.

चार्जिंग के दौरान सबसे बड़ी गलती

अक्सर लोग मोबाइल को चार्जिंग पर लगाकर उसी समय गेम खेलते हैं या लंबे समय तक वीडियो देखते रहते हैं. इससे बैटरी पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है और फोन तेजी से गर्म होने लगता है. यही ओवरहीटिंग कई बार ब्लास्ट का कारण बन जाती है.

तकिये के नीचे फोन रखना खतरनाक

कई लोग चार्जिंग पर लगे फोन को तकिये या बिस्तर के नीचे रख देते हैं. ऐसा करने से फोन की हीट बाहर नहीं निकल पाती और बैटरी में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है. एक्सपर्ट्स का कहना है कि चार्जिंग के दौरान फोन को हमेशा खुले स्पेस में रखना चाहिए.

हीट मैनेजमेंट क्यों जरूरी

स्मार्टफोन चार्जिंग के दौरान बैटरी और प्रॉसेसर दोनों गर्म होते हैं. अगर यूजर लगातार फोन का इस्तेमाल करता है तो हीट और बढ़ जाती है. मार्केट में ऐसे गैजेट्स भी उपलब्ध हैं जो फोन का टेम्प्रेचर कम करने में मदद करते हैं, लेकिन सबसे सुरक्षित तरीका यही है कि चार्जिंग के दौरान फोन को आराम करने दिया जाए.

सुरक्षा के लिए क्या करें

फोन को चार्जिंग पर लगाते समय गेमिंग या वीडियो स्ट्रीमिंग से बचें. चार्जिंग के दौरान फोन को तकिये या बंद जगह पर न रखें. अगर फोन बार-बार गर्म होता है तो बैटरी की जांच कराएं या जरूरत पड़ने पर बदलवाएं.

यह भी पढ़ें: स्मार्टफोन की स्टोरेज जल्दी क्यों भर जाती है? आपकी ये आदतें हैं वजह