पाई डे 2026: गूगल डूडल ने दिखाया मैथ्स का जादू

गूगल ने पाई डे 2026 को खास डूडल के साथ मनाया है. यह डूडल महान गणितज्ञ आर्किमिडीज की बहुभुज विधि (The Polygon Method of the Great Mathematician Archimedes) को दिखाता है, जिसके जरिये उन्होंने पाई का मान निकटतम रूप से निर्धारित किया था. भारत समेत कई देशों में जारी यह डूडल गणित प्रेमियों के लिए खास आकर्षण बना हुआ है.

By Rajeev Kumar | March 14, 2026 10:27 AM

हर साल 14 मार्च को दुनिया भर में गणित प्रेमी पाई डे (Pi Day) मनाते हैं. इस बार गूगल ने अपने खास डूडल के जरिए इस दिन को और यादगार बना दिया है. 2026 का गूगल डूडल महान ग्रीक गणितज्ञ आर्किमिडीज की उस ऐतिहासिक विधि को उजागर करता है, जिसमें उन्होंने बहुभुजों का उपयोग कर पाई (π) का मान निकटतम रूप से निर्धारित किया था.

पाई डे का महत्व

पाई (π) गणित का सबसे प्रसिद्ध स्थिरांक है, जो किसी वृत्त की परिधि और उसके व्यास का अनुपात दर्शाता है. इसका मान कभी समाप्त नहीं होता और न ही दोहराता है. सामान्य गणनाओं में इसे 3.14 या 22/7 के रूप में प्रयोग किया जाता है. यही कारण है कि 14 मार्च (3/14) को पाई डे मनाया जाता है.

आर्किमिडीज की खोज

गूगल ने बताया कि आधुनिक तकनीक से बहुत पहले आर्किमिडीज ने वृत्त को 96 भुजाओं वाले बहुभुजों के बीच रखकर पाई का मान निकटतम रूप से निर्धारित किया. यह विधि गणितीय इतिहास में एक क्रांतिकारी कदम थी और आज भी इसे आधारभूत ज्यामिति की उपलब्धि माना जाता है.

किन देशों में दिखा डूडल?

यह खास डूडल भारत, ब्रिटेन, जापान, ऑस्ट्रेलिया, ब्राजील, अर्जेंटीना, चिली, पेरू समेत कई देशों में जारी किया गया है. इससे गूगल ने पाई डे को वैश्विक उत्सव का रूप दिया है, जिसे लोग पाई रीसाइटिंग प्रतियोगिताओं और पाई खाने के साथ मनाते हैं.

गूगल डूडल का इतिहास जानिए

गूगल ने पहली बार 1998 में डूडल पेश किया था. तब संस्थापक लैरी पेज और सर्गेईब्रिन ने बर्निंग मैन फेस्टिवल में अपनी अनुपस्थिति जताने के लिए इसे बनाया था. 2000 में पहला अंतरराष्ट्रीय डूडल आया और 2010 में पैक-मैन गेम वाला इंटरैक्टिवडूडल पेश किया गया. आज गूगल डूडल खास अवसरों और महान व्यक्तित्वों को सम्मान देने का लोकप्रिय माध्यम बन चुका है.

यह भी पढ़ें: एयरपोर्ट पर खो गया लगेज? Google बताएगा बैग की सही लोकेशन