UP Weather: यूपी में मानसून ने आखिरकार रफ्तार पकड़ ली है. सोमवार से प्रदेश में मानसूनी बारिश की एंट्री हो गई, और आज 30 जून को कई जिलों में झमाझम बारिश देखने को मिली. कानपुर, अयोध्या और सोनभद्र समेत कई इलाकों में बारिश शुरू होते ही मौसम ने करवट ली और तापमान में गिरावट दर्ज की गई. पूर्वी यूपी में गरज–चमक के साथ बारिश का सिलसिला तेज होता दिख रहा है, जिससे आने वाले 24 घंटों में प्रदेश के अधिकतर जिलों में मानसून के पूरी तरह सक्रिय होने की संभावना है. हालांकि अब तक कुल बारिश सामान्य से 59% कम दर्ज की गई है, लेकिन बदलते मौसम संकेत दे रहे हैं कि आने वाले दिनों में यह कमी तेजी से पूरी हो सकती है.
UP में अगले सात दिनों तक मौसम सक्रिय
उत्तर प्रदेश में अब मॉनसून पहुंच चुका है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ द्वारा 30 जून 2026 को जारी दैनिक मौसम बुलेटिन के अनुसार, UP में आगामी सात दिनों के दौरान मौसम सक्रिय रहने की संभावना है. पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में 30 जून से 6 जुलाई तक अनेक स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का पूर्वानुमान है. कुछ दिनों में दोनों उप-भागों में कुछ स्थानों पर भारी वर्षा की संभावना भी जताई गई है. मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है.

तेज बारिश के साथ झोंकेदार चलेगी हवाएं
IMD द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार, 30 जून से 1 जुलाई और 2 जुलाई को पश्चिमी तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की प्रबल संभावना है. इस दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन, वज्रपात तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं. 30 जून को दोनों उप-भागों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना व्यक्त की गई है, जबकि 1 और 2 जुलाई को कई जिलों में भारी वर्षा हो सकती है. 3 जुलाई से 6 जुलाई के बीच भी प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मेघगर्जन और वर्षा का क्रम जारी रहने का अनुमान है.
हरदोई में सबसे कम न्यूनतम तापमान
पिछले 24 घंटों के तापमान आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश का सबसे कम न्यूनतम तापमान हरदोई में 20.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 7.2 डिग्री कम रहा. इसके बाद बस्ती में 23.0 डिग्री, बरेली में 23.4 डिग्री, बाराबंकी में 23.5 डिग्री तथा फुरसतगंज में 23.7 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया. वहीं अधिकतम तापमान की बात करें तो आगरा सबसे गर्म रहा, जहां 42.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया. कानपुर में 42.2 डिग्री, अलीगढ़ में 42.0 डिग्री, बांदा में 41.2 डिग्री तथा प्रयागराज में 41.0 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रिकॉर्ड हुआ.
उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज
मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार, आगामी दिनों में कई क्षेत्रों में मेघगर्जन, वज्रपात और तेज हवाओं का प्रभाव देखने को मिलेगा. विशेष रूप से 30 जून से 2 जुलाई के बीच मौसम अधिक सक्रिय रहने का अनुमान है. विभाग ने किसानों, यात्रियों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है. कुल मिलाकर जुलाई के पहले सप्ताह में उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां तेज रहने के संकेत हैं.
Also Read: अयोध्या राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल, वाराणसी और मथुरा में दान राशि पर सख्त पहरा
