UP Murder: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में 17 वर्षीय छात्रा की हत्या का मामला सामने आया है. छात्रा शनिवार को घर से कॉलेज में टीसी लेने के लिए निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी. रविवार सुबह उसका शव मक्के के खेत से बरामद किया गया. पुलिस ने परिजनों के आरोप पर एक युवक और उसके पिता को हिरासत में लिया है.
क्या है पूरा मामला
बिल्सी थाना क्षेत्र के रामपुर टांडा गांव निवासी शिवानी शनिवार सुबह नागा जूना इंटर कॉलेज से ट्रांसफर सर्टिफिकेट (टीसी) लेने के लिए घर से निकली थी. देर शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की. काफी खोजबीन के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला. परिजनों के मुताबिक, शिवानी ने इसी वर्ष इंटरमीडिएट की परीक्षा पास की थी. गांव का एक युवक उसे लगातार परेशान करता था. शनिवार सुबह भी दोनों के बीच करीब 20 मिनट तक मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी.
युवक की निशानदेही पर खेत से बरामद हुआ शव
परिजनों को युवक पर शक हुआ तो उससे पूछताछ की गयी. आरोप है कि युवक की निशानदेही पर गांव के पास स्थित मक्के के खेत से शिवानी का शव बरामद किया गया. शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गयी. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.
चुन्नी से गला घोंटकर हत्या का आरोप
मृतका के भाई ने आरोप लगाया है कि युवक और उसके पिता ने मिलकर शिवानी की हत्या की है. परिजनों का दावा है कि छात्रा की हत्या के बाद शव को मक्के के खेत में छिपा दिया गया था.
पुलिस ने क्या कहा
बिल्सी कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर जुगेंद्र नामक युवक के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. आरोप है कि छात्रा की चुन्नी से गला दबाकर हत्या की गयी. पुलिस ने आरोपी युवक और उसके पिता को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है. उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: UP News: अयोध्या का वह सुनसान ठिकाना जानिए, जहां बंटती थी राम मंदिर चढ़ावा चोरी की रकम
