RLD नेता का सपा पर तीखा हमला: 2027 की हार के डर से बौखला गए हैं अखिलेश
RLD Attacks Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने के बाद राष्ट्रीय लोक दल (RLD) के महासचिव और प्रवक्ता अनिल दुबे ने उन पर तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव को मौजूदा सरकार पर आरोप लगाने से पहले अपने शासनकाल की स्थिति याद करनी चाहिए.
RLD Attacks Akhilesh Yadav: अनिल दुबे ने कहा कि आज अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं, लेकिन उन्हें पहले यह देखना चाहिए कि उनके कार्यकाल में स्कूलों की क्या स्थिति थी. उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए हैं और स्कूलों में बेहतर माहौल तैयार हुआ है. RLD नेता ने स्वास्थ्य सेवाओं का जिक्र करते हुए कहा कि एनडीए सरकार आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं के माध्यम से लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करा रही है. दुबे ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा, स्वास्थ्य और सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय सुधार हुआ है और आम जनता खुद इसे महसूस कर रही है.
हार के डर से बौखला गए हैं अखिलेश
अनिल दुबे ने दावा किया कि अखिलेश यादव की नाराजगी और आरोपों के पीछे 2027 के चुनाव का डर है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी को एहसास हो गया है कि अगले विधानसभा चुनाव में भी प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में एनडीए सरकार बनने जा रही है. इसी वजह से विपक्षी दल लगातार आरोप लगा रहे हैं.
किसानों को मिल रहा लाभ
किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए अनिल दुबे ने कहा कि एनडीए सरकार किसानों को उनकी उपज का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए लगातार काम कर रही है। साथ ही जवानों, छात्रों और किसानों के हित में कई योजनाएं संचालित की जा रही हैं. कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में लोग खुद को पहले से ज्यादा सुरक्षित महसूस कर रहे हैं. महिलाएं और बच्चियां भी सुरक्षित माहौल का अनुभव कर रही हैं. उन्होंने दावा किया कि लोग देर रात तक बिना किसी भय के आवागमन कर रहे हैं और उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार हुआ है.
एनडीए लगातार हो रहा मजबूत
दुबे ने कहा कि एनडीए लगातार मजबूत हो रहा है, जबकि विपक्ष हताशा और फ्रस्ट्रेशन में बयानबाजी कर रहा है. उन्होंने कहा कि जनता विकास और सुशासन के आधार पर सरकार का समर्थन कर रही है, जिसे विपक्ष पचा नहीं पा रहा है. पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाल में हुई सभाओं का जिक्र करते हुए RLD नेता ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की जनसभाओं में भारी भीड़ उमड़ी है. उन्होंने कहा कि जनता का यह समर्थन देखकर विपक्ष हतोत्साहित है और उसकी बौखलाहट बयानबाजी के रूप में सामने आ रही है.
राम मंदिर को लेकर क्या बोले?
राम मंदिर से जुड़े आरोपों पर अनिल दुबे ने कहा कि उनकी पार्टी भी चाहती है कि मामले की निष्पक्ष जांच हो. उन्होंने कहा कि सरकार पूरी पारदर्शिता के साथ जांच करा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. दुबे ने कहा कि सरकार किसी तरह का पक्षपात नहीं कर रही है और सभी वर्गों तथा सभी जातियों के लिए बिना किसी भेदभाव के काम कर रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष तथ्यों के बजाय अनर्गल बयानबाजी कर रहा है, जबकि प्रदेश सरकार विकास और जनहित के मुद्दों पर लगातार काम कर रही है.
