अयोध्या रामलला दर्शन से पहले कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हाउस अरेस्ट, अजय राय की नजरबंदी पर सियासत तेज

Ajay Rai House Arrest: यूपी की सियासत में नया विवाद खड़ा हो गया है. रामलला दर्शन के लिए अयोध्या पहुंचे कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अजय राय को पुलिस ने नजरबंद कर दिया. इस घटना को लेकर प्रदेश की राजनीति गरमा गई है.

By Radheshyam Kushwaha | June 30, 2026 12:23 PM

Ajay Rai House Arrest: यूपी की सियासत में राम मंदिर को लेकर एक बार फिर राजनीति तेज हो गई है. अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान राशि की चोरी के आरोपों के बीच कांग्रेस ने मंगलवार को रामलला के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए 9 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल भेजने का फैसला किया था. इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय करने वाले थे, लेकिन दर्शन से पहले ही उन्हें अयोध्या में नजरबंद कर लिया गया. कांग्रेस का आरोप है कि अजय राय को सोमवार देर रात होटल से पुलिस अपने साथ ले गई और रात भर एक सरकारी संस्थान में रखा गया. प्रतिनिधिमंडल में कई कांग्रेस सांसद भी शामिल हैं.

बाराबंकी में पूर्व सांसद एपी गौतम भी नजरबंद

रामलला के दर्शन करने वाले कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल में शामिल कांग्रेस पार्टी के दो बार के राजयसभा सांसद एपी गौतम को भी बाराबंकी में पुलिस द्वारा हाउस अरेस्‍ट कर लिया गया है. पूर्व कांग्रेस सांसद गौतम ने भी अयोध्या जाने की पुरजोर कोशिश की, अपनी गाड़ी पर भी बैठ गए, लेकिन पुलिस टीम ने उनकी गाड़ी का गेट रोक लिया. पुलिस द्वारा जबरन रोकने पर पूर्व सांसद एपी गौतम मजबूरन गाड़ी से उतरकर आवास पर आकर वापस बैठ गए. उसके बाद पुलिस ने राहत की सांस ली. राम मंदिर दान विवाद के बीच हुई इस घटना ने प्रदेश की राजनीति को और गरमा दिया है.

बीजेपी पर भड़कीं अजय राय की पत्नी

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के हाउस अरेस्ट होने के बाद अजय राय की पत्नी रीना राय का बड़ा बयान आया है. रीना राय ने कहा, “मेरे पति की आवाज दबाने के लिए बीजेपी सरकार किसी भी हद तक गिरने को तैयार है. पुलिस जीप में ले जाने के बाद, अब हमारे सहयोगियों को गलत जानकारी देकर भटकाया जा रहा है. ‘चढ़ावा चोरों’ के खिलाफ हमारी लड़ाई जारी रहेगी. अगर मेरे पति को कुछ भी होता है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी बीजेपी सरकार की होगी.

कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल में ये नेता शामिल

बता दें कि कांग्रेस का एक प्रतिनिधिमंडल अयोध्या दर्शन के लिए जा रहा था, जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और सांसद, विधायक , पूर्व सांसद और पूर्व MLC शामिल हैं. प्रमुख रूप से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व मंत्री अजय राय, सांसद किशोरी लाल शर्मा, सांसद तनुज पूनिया, सांसद राकेश राठौर, सांसद उज्ज्वल रमण सिंह, विधायक वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद एपी गौतम एवं पूर्व MlC दीपक सिंह शामिल रहे.

यह भी पढ़ें: Video: राम मंदिर दान विवाद पर ओवैसी का तंज, बोले- ट्रस्ट में मुस्लिम होता तो…