मतदाता जागरूकता पदयात्रा निकाली गयी

लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण : प्राचार्य

By Prabhat Khabar News Desk | January 28, 2026 10:55 PM

सिमडेगा. मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से मतदाता जागरूकता पदयात्रा निकाली गयी. कार्यक्रम का उद्देश्य पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं को उनके लोकतांत्रिक अधिकारों व दायित्वों के प्रति जागरूक करना था. पदयात्रा में पार्वती शर्मा इंटर कॉलेज सिमडेगा के विद्यार्थी और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय सिमडेगा के एनसीसी कैडेट्स शामिल हुए. मुख्य अतिथि के रूप में सिमडेगा कॉलेज के प्राचार्य देवराज प्रसाद ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में युवाओं की भूमिका महत्वपूर्ण है. पार्वती शर्मा इंटर महिला महाविद्यालय के प्राचार्य सत्यव्रत ठाकुर ने मतदान के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि युवाओं का एक-एक मत देश की दिशा और दशा दोनों बदल सकता है. जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, सिमडेगा के सत्यजीत कुमार ने युवाओं से कहा कि युवा मतदाता सबसे पहले अपना नाम अपने मतदाता सूची में चेक करें. अगर न हो, तो अपना नाम अपने क्षेत्र के बीएलओ के माध्यम से आज ही जुड़वायें. लेखा एवं कार्यक्रम पर्यवेक्षक सोरिना टेटे ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को मतदान के प्रति जागरूक करना और पहली बार मतदान देने वाले युवाओं को मतदान के लिए प्रेरित करना है. पद यात्रा पार्वती शर्मा इंटर महिला कॉलेज सिमडेगा से शुरू होकर अलबर्ट एक्का स्टेडियम होते हुए झूलन सिंह, महावीर चौक तक गयी. इसके बाद पुनः अलबर्ट एक्का स्टेडियम होते हुए पार्वती शर्मा इंटर महिला कॉलेज पहुंच कर संपन्न हुई. कार्यक्रम में वैदिक प्रसाद, मनोरमा, सुनीता मिंज, निशांत अंजुम, सुमन लकड़ा, सुमन केरकेट्टा, सरिता केसरी, सेलिना लुगून, नरेंद्र प्रधान, सतीश सिंह, संजय पान, रिया कुमारी, सुलेखा कुमारी, संगीता देवी आदि शामिल थे.