तीव्र अध्ययन तकनीकों पर वीडियो सत्र आयोजित

तीव्र अध्ययन तकनीकों पर वीडियो सत्र आयोजित

By Prabhat Khabar News Desk | February 20, 2026 10:21 PM

सिमडेगा. संत जेवियर महाविद्यालय सिमडेगा के वाणिज्य विभाग द्वारा बीकॉम व बीए सेमेस्टर वन के विद्यार्थियों के लिए तीव्र अध्ययन तकनीक पर विशेष वीडियो सत्र का आयोजन किया गया. संचालन वाणिज्य विभाग के सहायक प्राध्यापक व विभागाध्यक्ष डॉ अमित कुमार गुप्ता ने किया. यह सत्र स्मार्ट बोर्ड के माध्यम से संचालित किया गया, जिससे आइसीटी-आधारित व संवादात्मक शिक्षण सुनिश्चित हुआ. विद्यार्थियों को शैक्षणिक वीडियो दिखाया गया, जिसमें न्यूरो साइंस, मनोविज्ञान तथा अनुशासित अध्ययन तकनीकों पर आधारित पांच उच्च-प्रदर्शन अध्ययन विधियों को समझाया गया. डॉ गुप्ता ने विद्यार्थियों को इन तकनीकों को अपनी शैक्षणिक दिनचर्या में लागू करने के लिए प्रेरित किया, ताकि वह ध्यान, गति व समझ की क्षमता को बढ़ा सकें. उन्होंने शैक्षणिक व व्यक्तिगत जीवन में उच्च प्रदर्शन प्राप्त करने के लिए अनुशासन, निरंतरता तथा स्मार्ट अध्ययन पद्धति के महत्व पर जोर दिया.

जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत की मांग रखी

सिमडेगा. विधायक नमन विक्सल कोंगाड़ी ने सदन के जलडेगा प्रखंड के लोमगा विद्यालय, महामाना उवि व डोमटोली विद्यालय की जर्जर स्थिति पर आवाज उठायी. विधायक ने सदन के माध्यम से सरकार को ध्यानाकृष्ट करते हुए कहा कि उक्त विद्यालयों की स्थिति अच्छी नहीं है. कभी भी भवन ध्वस्त हो सकता है, और शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्रों के साथ अप्रिय घटना घट सकती है. इसलिए सरकार से मांग करता हूं कि इस ओर ध्यान आकर्षित करते हुए भवन को दुरुस्त किया जाये. विधायक ने भूमि सुधार राजस्व एवं निबंधन मंत्री को सदन के माध्यम से कहा कि जाति प्रमाण पत्र बनाने वाले छात्र-छात्राओं समेत अन्य लोगों से आवेदन भरते समय धर्म का उल्लेख करने का प्रावधान किया गया है, जो कहीं से भी उचित प्रतीत नहीं होता है. क्योंकि धर्म के उल्लेख होने से अन्य नियोजन में पक्षपात का भय लगता है. इसलिए धर्म के कॉलम को आवेदन से विलोपित करते हुए जनता को राहत देने का काम किया जाये.