मतगणना व पर्वों लेकर किया गया मॉक ड्रिल

मतगणना व पर्वों लेकर किया गया मॉक ड्रिल

By Prabhat Khabar News Desk | February 26, 2026 9:26 PM

सिमडेगा. निकाय चुनाव की मतगणना और विभिन्न पर्वों को देखते हुए जिला पुलिस ने विधि-व्यवस्था संधारण की तैयारियां तेज कर दी हैं. इस कड़ी में गुरुवार को पुलिस केंद्र, सिमडेगा में दंगा नियंत्रण (रायट कंट्रोल) मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. मॉक ड्रिल के दौरान भीड़ नियंत्रण, उपद्रव की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, दंगा निरोधक उपकरणों के प्रयोग, आंसू गैस और वाटर कैनन के उपयोग की प्रक्रिया का अभ्यास किया गया. इसके अलावा घायलों को सुरक्षित निकालने (रेस्क्यू ऑपरेशन) तथा बल की सामूहिक कार्यप्रणाली को भी व्यावहारिक रूप से परखा गया. एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने तैयारियों का जायजा लिया. उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों व जवानों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सतर्क, संयमित और कानूनसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया. साथ ही अफवाहों पर त्वरित नियंत्रण रखने तथा आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार बनाये रखने का निर्देश दिया. अधिकारियों ने बताया कि ड्रिल का मुख्य उद्देश्य बल को हर परिस्थिति के लिए सजग व तत्पर बनाये रखना है, ताकि किसी अप्रिय स्थिति से प्रभावी ढंग से निबटा जा सके. जिला पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मतगणना और पर्व-त्योहारों के दौरान शांति एवं सौहार्द बनाये रखें तथा किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति की सूचना तुरंत नजदीकी थाना या पुलिस नियंत्रण कक्ष को देने का आग्रह किया गया है.