दोहरे हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार, जेल

दोहरे हत्याकांड का मुख्य अभियुक्त गिरफ्तार, जेल

By Prabhat Khabar News Desk | January 28, 2026 11:02 PM

सिमडेगा. ठेठईटांगर थाना क्षेत्र में 12 जनवरी को लापता दो युवकों की हत्या के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. इस सनसनीखेज हत्याकांड में संलिप्त मुख्य अभियुक्त दीपक मिंज (19 वर्ष), पिता- किशोर मिंज, निवासी- दुमकी को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है. इससे पूर्व इस कांड में शामिल दो अन्य अभियुक्तों को 26 जनवरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है. 12 जनवरी को कलीम खान व मो नईम मियां उर्फ मानु अपने घर से दोस्त से मिलने व बाजार जाने की बातें कहकर सलगापोस गये थे. लेकिन वापस नहीं लौटे थे. एसपी श्रीकांत एस खोटरे ने बताया कि अनुसंधान के क्रम में पता चला कि मृतक कलीम खान व नइम मियां की पूर्व से दीपक मिंज के साथ दोस्ती थी. पूछताछ में दीपक मिंज ने स्वीकार किया कि वे सभी मिलकर सिमडेगा व ओड़िशा के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित घरों में चोरी व बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे. इधर, सिमडेगा के ठाकुरटोली डेबरग्राम व दुर्गा पूजा के दौरान तामड़ा क्षेत्र में हुई चोरी की घटनाओं में भी इनकी संलिप्तता सामने आयी है. छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बैजू उरांव, पुलिस निरीक्षक भिखारी राम, थाना प्रभारी पुअनि रमेश कुमार झा, पुअनि जयकांत कुमार राय, पुअनि सोनू कुमार, सअनि रामआशीष विश्वकर्मा समेत सशस्त्र बल शामिल थे.