दो शराब संचालक गिरफ्तार, एक फरार
नोवामुंडी और जगन्नाथपुर में छापेमारी कर 39 लीटर चुलायी शराब जब्त
By ATUL PATHAK |
June 16, 2026 11:55 PM
चाईबासा.
पश्चिमी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के कारोबार पर रोक लगाने के लिए उत्पाद विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उपायुक्त पश्चिमी सिंहभूम एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया. इस दौरान नोवामुंडी थाना क्षेत्र के जागपानी गांव एवं जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के ढीपासाई में अवैध चुलाई शराब निर्माण और बिक्री स्थलों पर कार्रवाई की गयी. उत्पाद निरीक्षक निर्भय कुमार सिन्हा ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने नोवामुंडी थाना क्षेत्र के जागपानी गांव स्थित दो अवैध शराब निर्माण एवं बिक्री स्थलों पर छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान अवैध रूप से शराब बेचने वाले दो व्यक्तियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया. वहीं, तैयार की गयी शराब भी बरामद की गयी.
ढीपासाई में कारोबारी फरार, पहचान हुई
जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र के ढीपासाई में संचालित एक अन्य अवैध चुलाई शराब निर्माण स्थल पर भी उत्पाद विभाग ने छापेमारी की. हालांकि विभागीय टीम को देखते ही वहां मौजूद शराब कारोबारी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. निरीक्षक ने बताया कि फरार अभियुक्त की पहचान कर ली गयी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं. तीनों स्थानों पर की गई कार्रवाई के दौरान कुल 39 लीटर अवैध चुलाई शराब बरामद की गयी. विभाग ने जब्त शराब को अपने कब्जे में लेकर नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी है. गिरफ्तार दोनों आरोपितों तथा फरार अभियुक्त के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
...