Seraikela Kharsawan News : शहर में बंद जलापूर्ति पर पीएचइडी कर्मियों को फटकार, 12 घंटे में मोटर बदलने का अल्टीमेटम

सरायकेला में 20 घंटे से पानी बंद होने पर भड़के नपं अध्यक्ष

By ATUL PATHAK | February 28, 2026 11:44 PM

सरायकेला. सरायकेला शहरी क्षेत्र में पिछले 20 घंटों से जलापूर्ति पूरी तरह बाधित है, जिससे स्थानीय निवासियों को भारी किल्लत का सामना करना पड़ रहा है. मोटर खराब होने के कारण पानी की सप्लाई बंद होने की सूचना मिलते ही नवनियुक्त अध्यक्ष मनोज चौधरी एक्शन मोड में नजर आए. वे सीधे पीएचइडी कार्यालय पहुंचे और कार्यालय का घेराव करते हुए अधिकारियों को जमकर फटकार लगायी.

वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में गंदगी देख भड़के अध्यक्ष:

निरीक्षण के क्रम में जब मनोज चौधरी वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पहुंचे, तो वहां का नजारा देख उनका पारा चढ़ गया. प्लांट में जगह-जगह गंदगी और काई जमा थी. जब अभियंता ने सफाई होने का दावा किया, तो अध्यक्ष ने स्थिति की ओर इशारा करते हुए तीखी टिप्पणी की. मनोज चौधरी ने कहा कि पदाधिकारी व कर्मचारी अपनी कार्यशैली में सुधार लाएं. अध्यक्ष ने चिंता जताते हुए कहा कि नगर क्षेत्र की जनता पूरी तरह इसी सप्लाई वाटर पर निर्भर है. दूषित पानी के कारण शहर के लोग पेट की बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं. उन्होंने अविलंब पूरे प्लांट की गहन सफाई कराने का निर्देश दिया ताकि लोगों को स्वच्छ पेयजल मिल सके.

12 घंटे का समय दिया कहा- कोताही बर्दाश्त नहीं

कार्यालय के घेराव के दौरान अध्यक्ष ने कड़े शब्दों में कहा कि जनता की समस्याओं को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी. उन्होंने कनीय अभियंता को सख्त निर्देश दिया कि 12 घंटे के भीतर नया मोटर लगाकर जलापूर्ति सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि सरायकेला की जनता ने ””””काम करने वाले”””” को चुना है, इसलिए परिणामों में देरी स्वीकार्य नहीं है.

टैंकरों से होगी सप्लाई: सिटी मैनेजर

सरायकेला नगर पंचायत के सिटी मैनेजर सुमित सुमन ने बताया कि मोटर जल जाने के कारण रविवार को पाइपलाइन से जलापूर्ति बाधित रहेगी. जनता की सुविधा के लिए नगर पंचायत द्वारा टैंकरों के माध्यम से पानी की वैकल्पिक सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है.