Seraikela Kharasawan News : खड़े ट्रक से टकरायी सवारी गाड़ी, तीन साल की बच्ची समेत तीन लोग घायल

बेहतर इलाज के लिए चालक व बाइक सवार को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया

By ATUL PATHAK | February 15, 2026 11:54 PM

सरायकेला. सरायकेला-कांड्रा मार्ग के सीनी मोड़ के समीप रविवार शाम 5 बजे सड़क हादसे में सवारी गाड़ी ( मैजिक) खड़े ट्रक से टकरा गयी. टक्कर इतनी भयंकर थी कि सवारी गाड़ी का आगे का हिस्सा पूरी तरह चपटा हो गया. वहीं चालक सरफुद्दीन अंसारी केबिन में फंस गया. मैजिक में उसकी तीन वर्षीय बेटी हनीफा नाज गंभीर रूप से घायल हो गयी. हादसे में एक बाइक सवार नवीन गोराई (35) भी गंभीर रूप से घायल हो गया. वह भी सवारी गाड़ी की चपेट में आ गया. स्थानीय लोगों ने सवारी गाड़ी के आगे का हिस्सा तोड़कर फंसे चालक को बाहर निकाला और सभी घायलों को सदर अस्पताल सरायकेला पहुंचाया. बाइक सवार और यात्री वाहन के चालक को चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. जबकि बच्ची का उपचार सदर अस्पताल में जारी है. जानकारी के अनुसार, मुड़िया निवासी सरफुद्दीन अंसारी अपनी बेटी को यात्री वाहन में बैठाकर सीनी मोड़ आ रहा था. वहीं आदित्यपुर से ड्यूटी खत्म कर बाइक सवार नवीन गोराई घर लौट रहा था. घटना के समय ट्रक चेकपोस्ट के पास रुका हुआ था. सवारी गाड़ी ट्रक के पीछे रुकी बाइक को टक्कर मारते हुए खुद भी ट्रक से टकरा गयी. हादसे में बाइक सवार के कंधे, मैजिक चालक के चेहरे तथा बच्ची के सिर में चोट आयी है.