Seraikela Kharsawan News : आइडिया ट्राइब में चांडिल पॉलिटेक्निक का परचम

आर्डुइनो तकनीक से तैयार प्रोजेक्ट ने मचाया धमाल, चांडिल पॉलिटेक्निक अव्वल

By ATUL PATHAK | February 28, 2026 11:54 PM

चांडिल. चांडिल डैम रोड स्थित चांडिल पॉलिटेक्निक के छात्र-छात्राओं ने राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया है. झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित ‘आइडिया ट्राइब-2025’ प्रतियोगिता में संस्थान के छात्रों ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है.

सेफ ड्राइव अलर्ट सिस्टम से हादसों पर लगेगी रोक:

छात्रों ने “सेफ ड्राइव अलर्ट सिस्टम” नामक अभिनव प्रोजेक्ट तैयार किया, जिसे आर्डुइनो तकनीक के माध्यम से नियंत्रित किया गया है. इस अनुसंधान में अल्कोहल सेंसर एवं ऑब्स्टेकल (बाधा पहचान) सेंसर का उपयोग किया गया है. यह प्रणाली वाहन चालक के शराब सेवन की स्थिति का पता लगाने के साथ-साथ सामने आने वाली बाधाओं की पहचान कर अलर्ट देती है. विशेषज्ञों का मानना है कि इस तकनीक से सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में बड़ी मदद मिल सकती है.

शिक्षिका के मार्गदर्शन में मिली सफलता:

इस प्रोजेक्ट को तैयार करने वाले छात्र-छात्राओं में सनोज महतो, शहनवाज अंसारी, पूर्वासा दास, सोनी कुमारी एवं अंजली सोई शामिल हैं. सभी ने शिक्षिका सेगनाती दीपिका के मार्गदर्शन में इस प्रोजेक्ट का सफल निर्माण किया. संस्थान के प्राचार्य डॉ. नीरज प्रियदर्शी, रजिस्ट्रार प्रभाकर मोदक एवं एडमिन एग्जीक्यूटिव प्रशांत कुमार महतो ने छात्रों की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.