खरसावां से शचिंद्र कुमार दाश की रिपोर्ट
Football Tournament: खरसावां विधानसभा क्षेत्र के खूंटपानी प्रखंड अंतर्गत चुरगुई गांव में लिटिल स्टार क्लब की ओर से आयोजित पांच दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का रविवार को रंगारंग समापन हुआ. प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन और खेल प्रेमियों के उत्साह ने पूरे आयोजन को यादगार बना दिया. पुरुष वर्ग में 64 टीमों ने भाग लेकर अपने खेल कौशल का प्रदर्शन किया. रोमांच से भरपूर फाइनल मुकाबले में जेपी इलेवन स्टार बंडोमुंडा ने एनवाईएस जोबाजंजीर (कुचाई) को हराकर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया. समापन समारोह में खरसावां विधायक दशरथ गागराई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. उनके साथ समाजसेवी बासंती गागराई ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया. आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीण, खेल प्रेमी और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
विजेता टीम को मिला 95 हजार रुपये का पुरस्कार
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शानदार प्रदर्शन करने वाली जेपी इलेवन स्टार बंडोमुंडा की टीम को प्रथम स्थान प्राप्त करने पर 95 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की गई. वहीं उपविजेता रही एनवाईएस जोबाजंजीर (कुचाई) की टीम को 65 हजार रुपये और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया. तीसरे स्थान पर जीओ एफसी तथा चौथे स्थान पर मार्शल एफसी रही. दोनों टीमों को 27-27 हजार रुपये की पुरस्कार राशि और ट्रॉफी प्रदान की गई. इसके अलावा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी विभिन्न व्यक्तिगत पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया.
40 प्लस वर्ग में सरायकेला टाइगर ने जीता खिताब
प्रतियोगिता के दौरान अनुभवी खिलाड़ियों के लिए आयोजित 40 वर्ष से अधिक आयु वर्ग (वेटरन) के मुकाबले भी आकर्षण का केंद्र रहे. फाइनल मुकाबले में सरायकेला टाइगर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. विजेता टीम को 12 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई, जबकि उपविजेता डिफेंस एफसी, चाईबासा को नौ हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया. अनुभवी खिलाड़ियों के खेल ने दर्शकों की खूब तालियां बटोरी और यह मुकाबला पूरे आयोजन के प्रमुख आकर्षणों में शामिल रहा.
महिला वर्ग में सीकेपी एफसी ने दिखाई दमदार खेल प्रतिभा
प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला. महिला वर्ग के मुकाबलों में सीकेपी एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया. विजेता टीम को 3,500 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई. जूनियर गर्ल्स डोपाई की टीम उपविजेता रही, जिसे 2,500 रुपये की नकद पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया. महिला खिलाड़ियों के उत्साह और प्रदर्शन ने यह संदेश दिया कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेटियां भी खेल के मैदान में किसी से पीछे नहीं हैं.
किन्नर वर्ग के फुटबॉल मुकाबले ने बटोरी खूब सराहना
इस प्रतियोगिता की खास बात यह रही कि इसमें किन्नर वर्ग की टीमों के बीच भी विशेष फुटबॉल मुकाबले का आयोजन किया गया. इस पहल को दर्शकों और स्थानीय लोगों ने खूब सराहा. किन्नर वर्ग के फाइनल मुकाबले में जमशेदपुर एफसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया. विजेता टीम को चार हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी गई. वहीं चाईबासा एफसी उपविजेता रही, जिसे 3,600 रुपये का पुरस्कार प्रदान किया गया. आयोजन समिति की इस पहल को खेलों में समावेशिता और सामाजिक समानता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना गया.
बारिश के बावजूद खिलाड़ियों में दिखा उत्साह
प्रतियोगिता के दौरान मौसम पूरी तरह अनुकूल नहीं था और कई अवसरों पर तेज बारिश भी हुई. इसके बावजूद खिलाड़ियों का उत्साह कम नहीं हुआ. बारिश के बीच भी मुकाबले पूरे जोश और रोमांच के साथ खेले गए. दूर-दराज के गांवों से पहुंचे हजारों खेल प्रेमी भी पूरे आयोजन के दौरान मैदान में डटे रहे और अपनी पसंदीदा टीमों का उत्साह बढ़ाते रहे. ग्रामीण क्षेत्र में खेल के प्रति लोगों का यह जुनून पूरे आयोजन की सबसे बड़ी विशेषताओं में शामिल रहा.
ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच देने की जरूरत: दशरथ गागराई
समापन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक दशरथ गागराई ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है. आवश्यकता केवल उन्हें उचित मंच, संसाधन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है. उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवाओं को खेलों से जोड़ने के साथ-साथ अनुशासन, टीम भावना और सामाजिक समरसता का संदेश भी देती हैं. खेल युवाओं को नशे और अन्य सामाजिक बुराइयों से दूर रखने का प्रभावी माध्यम भी है. विधायक ने कहा कि झारखंड सरकार खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है. ग्रामीण इलाकों में खेल मैदानों का विकास, खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं का आयोजन सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि यहां की प्रतिभाएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकें.
इसे भी पढ़ें: अदालती आदेश पर सील हुआ चांदना स्कूल, छात्रों ने बीईईओ को घंटों बनाया बंधक
फुटबॉल पर किक मारकर किया प्रतियोगिता का शुभारंभ
समापन समारोह से पहले विधायक दशरथ गागराई ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और फुटबॉल पर किक मारकर प्रतियोगिता के अंतिम मुकाबले का औपचारिक शुभारंभ किया. खिलाड़ियों ने भी उनका गर्मजोशी से स्वागत किया. कार्यक्रम में जिला परिषद सदस्य यमुना तियु, विधायक प्रतिनिधि दुर्गाचरण पाड़ेया, प्रखंड अध्यक्ष बबलू गोडसोरा, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष डिंबू तियू, ज्योति बोदरा, अशोक मुंडरी, झामुमो के कई कार्यकर्ता, आयोजन समिति के सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे.
इसे भी पढ़ें: इंजीनियर साहब! महीने भर में ही दरक गया उत्तर कोयल नहर का पुल? अभी बनना तो बाकी है
