गैलेक्सी इंगोट प्लांट के फर्नेस में ब्लास्ट, बिहार के दो मजदूर झुलसे, हालत गंभीर

विस्फोट से आग और पिघली गर्म धातु के कण फैले, अफरातफरी मची

By ATUL PATHAK | June 16, 2026 11:53 PM

– 16 चांडिल फोटो 6-कंपनी का गेट.

– 16 चांडिल फोटो 7,8- घायल मजदूर.

– 16 चांडिल फोटो 9- जांच में पहुंची पुलिस.

– 16 चांडिल फोटो 10- घटना के बाद ग्रामीणों की भीड़.

16 चांडिल फोटो 11- घायल बादल विश्वकर्मा

16 चांडिल फोटो 12,13- घायल पुजारी शर्मा

16 चांडिल फोटो 14- कंपनी में जला सामान

प्रतिनिधि, चांडिल

चांडिल थाना क्षेत्र के भुइयांडीह स्थित गैलेक्सी इंगोट प्लांट में मंगलवार की दोपहर फर्नेस भट्ठी (बॉयलर) में हुए विस्फोट से दो मजदूर बुरी तरह झुलस गये. इनमें बिहार के अरवल निवासी पुजारी शर्मा (45) और भागलपुर निवासी बादल विश्वकर्मा (35) की हालत गंभीर है. दोनों का इलाज जमशेदपुर के टीएमएच (टाटा मेन अस्पताल) में चल रहा है. उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. इस घटना ने औद्योगिक सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिये हैं.

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, प्लांट में काम के दौरान अचानक हुए तेज धमाके से पूरा परिसर गूंज उठा. आसपास में दहशत फैल गयी. वहां मौजूद कर्मचारियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला. फर्नेस भट्ठी में विस्फोट के साथ आग और पिघली हुई गर्म धातु के कण चारों तरफ फैल गये, जिससे वहां काम कर रहे कर्मी इसकी चपेट में आ गये. धमाके के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गयी. हादसे के बाद प्रबंधन ने घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एंबुलेंस से जमशेदपुर के अस्पताल भेजा.

बॉयलर लीकेज से हुआ हादसा : थाना प्रभारी

सूचना मिलते ही चांडिल पुलिस पहुंची और जांच में जुट गयी. चांडिल थाना प्रभारी संतन तिवारी ने बताया कि प्राथमिक जानकारी के अनुसार, बॉयलर में लीकेज था. गर्म पानी के दबाव से अचानक ब्लास्ट हो गया, जिसकी चपेट में आने से कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गये. फिलहाल पुलिस और प्रबंधन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं कि यह हादसा किन परिस्थितियों में हुआ. इसके लिए कौन जिम्मेदार है. स्थानीय लोगों का कहना है कि भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए औद्योगिक क्षेत्रों में सुरक्षा मानकों की नियमित निगरानी और कड़ा निरीक्षण बेहद जरूरी है.