Seraikela Kharsawan News : डिटार-वनघर में झुंड से बिछड़े हाथी ने चार घरों को तोड़ा

नीमडीह : गांव में देर रात घुसा हाथी, दहशत में रहे लोग

By ATUL PATHAK | April 9, 2026 11:26 PM

चांडिल. नीमडीह प्रखंड के डिटार-वनघर गांव में बुधवार की रात झुंड से बिछड़े हाथी ने जमकर उत्पात मचाया. हाथी के अचानक आने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गयी और ग्रामीण दहशत में रातभर जागते रहे. जानकारी के अनुसार, हाथी ने वनघर निवासी राधानाथ महतो, हरिपद महतो, कृष्णपद महतो एवं मिलन महतो के घरों को तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया. घरों में रखे धान को भी हाथी ने खा लिया.

पूरी रात दहशत में रहे ग्रामीण:

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है. हाथी के डर से लोग अपने घरों से बाहर निकलने तक की हिम्मत नहीं जुटा सके. गुरुवार सुबह तक ग्रामीणों ने शोर मचाकर और सामूहिक प्रयास से हाथी को गांव से खदेड़कर जंगल की ओर भगा दिया. इसके बाद जाकर लोगों ने राहत की सांस ली. ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को जंगल की ओर खदेड़ने की मांग की. साथ ही प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने की भी मांग की गयी है.