Seraikela Kharsawan News : अवैध खनन पर प्रशासन का शिकंजा, 24 वाहन जब्त

1.93 लाख घनफीट बालू जब्त, 38 लाख का राजस्व

By ATUL PATHAK | March 11, 2026 11:10 PM

सरायकेला. उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिला स्तरीय माइनिंग टास्क फोर्स की बैठक आयोजित की गयी. बैठक में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन के खिलाफ चल रहे अभियान की समीक्षा की गयी. बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ने बताया कि 22 जनवरी से 10 मार्च तक जिले में अवैध खनन, भंडारण और खनिज परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाया गया. इस दौरान एक जेसीबी, 13 हाइवा, दो 407 वाहन और आठ ट्रैक्टर समेत कुल 24 वाहनों को जब्त किया गया. इस अभियान में करीब 1,93,200 घनफीट अवैध बालू और 500 घनफीट क्वार्ट्जाइट खनिज भी जब्त किया गया. मामले में तीन प्राथमिकी दर्ज की गयी और नौ वाहनों से 3.25 लाख रुपये जुर्माना भी वसूला गया.

1.55 लाख घनफीट जब्त बालू का हुआ ई-ऑक्शन:

बैठक में जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी ने बताया कि जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में जब्त किए गए 1.55 लाख घनफीट बालू की ई-ऑक्शन कर लगभग 38 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है. डीसी ने नीलाम किए गए बालू के वैध प्रेषण पर सतत निगरानी रखने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर उसके उठाव को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.

अवैध पत्थर खनन पर भी कार्रवाई

डीएमओ ने बताया कि चांडिल अनुमंडल के दलमा क्षेत्र में अवैध पत्थर खनन की सूचना पर टास्क फोर्स द्वारा छापेमारी की गयी. इस दौरान अवैध पत्थर परिवहन करते हुए दो 407 वाहन और एक ट्रैक्टर जब्त किया गया तथा 1.25 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया. इसके अलावा खनन विभाग द्वारा छह और प्रदूषण नियंत्रण विभाग द्वारा चार ईंट भट्ठा इकाइयों के खिलाफ भी कार्रवाई की गयी. उन्होंने जब्त वाहनों, मशीनरी और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामलों को शीघ्र न्यायालय में प्रस्तुत करने का निर्देश भी दिया. बैठक में अपर उपायुक्त जयवर्धन कुमार, जिला खनन पदाधिकारी ज्योति शंकर सतपथी, सरायकेला अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश, चांडिल एसडीओ विकास राय, डीएसपी मुख्यालय प्रदीप उरांव सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद थे.

गुप्त तरीके से करें छापेमारी: एसपी

बैठक में पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत ने कहा कि अवैध खनन और परिवहन की सूचना मिलने पर अनुमंडल पदाधिकारी, अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी के स्तर पर संयुक्त टीम बनाकर गुप्त तरीके से छापेमारी की जाए.

अवैध खनन पर लगाएं रोक: डीसी

बैठक के दौरान उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन, भंडारण और परिवहन की किसी भी गतिविधि पर पूरी तरह रोक लगाने के लिए आपसी समन्वय के साथ सतत और प्रभावी कार्रवाई की जाए. उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित औचक निरीक्षण अभियान चलाने तथा अवैध गतिविधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

संवेदनशील क्षेत्रों में बनाए जाएंगे चेकनाके :

उपायुक्त ने जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में चेक नाका स्थापित करने के लिए उपयुक्त स्थानों की पहचान कर जिला मुख्यालय को रिपोर्ट भेजने को कहा. साथ ही सभी चेक नाकों पर तैनात मजिस्ट्रेट और पुलिस बल को खनिज परिवहन से जुड़े वाहनों की सघन जांच करने तथा चालान, परमिट और दस्तावेजों का सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया.