NCCF ने रिम्स परिसर में किया पौधरोपण, स्वास्थ्य के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश
RIMS News: राष्ट्रीय सहकारी सप्ताह के अवसर पर रांची के रिम्स में NCCF ने पौधरोपण अभियान चलाया. डॉक्टरों, अधिकारियों और मेडिकल छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया. पूरी खबर नीचे पढ़ें...
RIMS News: भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ (NCCF) की ओर से सहकारिता के सफल पांच वर्ष पूरे होने और देशभर में मनाए जा रहे राष्ट्रीय सहकारी सप्ताह के अवसर पर शुक्रवार को राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) परिसर में पौधरोपण अभियान चलाया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा स्वास्थ्य और प्रकृति के बीच गहरे संबंध को मजबूत करना था.
लगाए गए औषधीय और सजावटी पौधे
अभियान में रिम्स के निदेशक डॉ डीके सिन्हा, एकेडमिक डीन डॉ लखन मांझी, वेलफेयर डीन डॉ श्योप्रिया, डिप्टी डायरेक्टर सुरेंद्र कुमार गोपे, अकाउंट्स ऑफिसर सविता जरीका, मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ एसके त्रिपाठी, असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ राजेंद्र और डॉ शीशिर सहित कई वरिष्ठ चिकित्सकों, मेडिकल प्रोफेशनल्स और एमबीबीएस के छात्रों ने भाग लिया. एनसीसीएफ के शाखा प्रबंधक प्रिंस कुमार एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में परिसर में औषधीय और सजावटी पौधे लगाए गए.
आगे भी जारी रहेगा यह अभियान
इस अवसर पर एनसीसीएफ के शाखा प्रबंधक प्रिंस कुमार ने कहा कि सहकारिता के पांच वर्ष पूरे होना संगठन के लिए गर्व का विषय है. राष्ट्रीय सहकारी सप्ताह के दौरान रिम्स जैसे प्रतिष्ठित चिकित्सा संस्थान में डॉक्टरों के साथ मिलकर पौधरोपण करना सहकारिता के मूल सिद्धांत ‘सबका साथ और सामूहिक कल्याण’ की भावना को साकार करता है. उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे.
पर्यावरण संरक्षण का सामूहिक संकल्प
कार्यक्रम के दौरान रिम्स के डीन ने भी पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सहकारी प्रयासों की सराहना की. उन्होंने कहा कि अस्पताल परिसर में औषधीय पौधों का होना न केवल हरित वातावरण तैयार करता है, बल्कि स्वास्थ्य और कल्याण से जुड़ी हमारी पारंपरिक सोच को भी सशक्त बनाता है. अभियान के समापन पर एनसीसीएफ के प्रतिनिधियों ने रिम्स प्रबंधन और सभी चिकित्सकों का सहयोग के लिए आभार जताया. साथ ही उपस्थित सभी डॉक्टरों, अधिकारियों और छात्रों ने रोपे गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया.
ये भी पढ़ें…
गढ़वा में SIR को लेकर बैठक, SDO ने राजनीतिक दलों से की सहयोग की अपील
