रांची : नगर आयुक्त ने किया प्रमुख मार्गों का निरीक्षण, प्रस्तावित मॉडल कॉरिडोर के भवनों के लाइसेंस और नक्शों की होगी जांच

Ranchi Municipal Corporation : रांची में प्रमुख मार्गों को मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित करने की तैयारी शुरू हो गई है. नगर आयुक्त ने निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने, फुटपाथ सुधारने, लाइसेंस और नक्शों की जांच, सड़क सौंदर्यीकरण और बिना लाइसेंस वाले प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई के निर्देश दिए.

By Priya Gupta | July 5, 2026 7:43 AM

Ranchi Municipal Corporation : शहर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने की दिशा में रांची नगर निगम ने पहल शुरू की है. इसे लेकर शनिवार को नगर आयुक्त सुशांत गौरव ने जिला प्रशासन और ट्रैफिक के वरीय अधिकारियों के साथ सिटी बस से कांके रोड स्थित राम मंदिर से रातू रोड चौक, हरमू बाइपास होते हुए कैलाशपति मिश्र चौक (बिरसा चौक) तक का निरीक्षण किया. मौके पर नगर आयुक्त ने कहा कि इन मार्गों को चरणबद्ध तरीके से मॉडल कॉरिडोर के रूप में विकसित किया जाएगा. इसके लिए बहुत जल्द इन सड़कों पर व्यापक स्तर पर मेगा ड्राइव चलाया जाएगा. 

पैदल यात्रियों को मिलेगी प्राथमिकता 

निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे अतिक्रमण, यातायात व्यवस्था, फुटपाथ, सड़क सुरक्षा, पार्किंग, स्वच्छता, हरित क्षेत्र, रोड मेडियन, सार्वजनिक स्थल, होर्डिंग और नागरिक सुविधाओं के एक-एक बिंदु पर चर्चा की गई. नगर आयुक्त ने कहा कि किसी भी आधुनिक शहर की पहचान उसके सुरक्षित और सुगम फुटपाथ होते हैं. जहां फुटपाथ नहीं हैं, वहां नए पाथवे बनाए जाएंगे.अतिक्रमित फुटपाथों को खाली कराया जाएगा. उन्होंने स्पष्ट किया कि फुटपाथ केवल पैदल यात्रियों के लिए हैं और उन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. 

सिरमटोली चौक से बहुबाजार सड़क का होगा कायाकल्प 

उन्होंने सिरमटोली चौक से इंदिरा गांधी चौक, चुटिया होते हुए बहुबाजार तक सड़क के दोनों ओर पेवर ब्लॉक युक्त पाथवे, व्यवस्थित वेंडिंग जोन और यात्री सुविधाओं के विकास के लिए विशेष मेगा प्रोजेक्ट तैयार करने का निर्देश दिया. सड़क सौंदर्याकरण का कार्य जल्द से जल्द पूरा हो. इसके लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि भविष्य में शहर के अन्य प्रमुख मागों को भी इसी तर्ज पर विकसित किया जाएगा. 

रांची से जुड़ी खबरें यहां पढ़ें

बिना लाइसेंस के संचालित प्रतिष्ठानों पर होगी कार्रवाई 

नगर आयुक्त ने कहा कि मॉडल कॉरिडोर में स्थित सभी दुकानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की ट्रेड लाइसेंस जांच की जाएगी. बिना लाइसेंस के संचालित प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई होगी. साथ ही आवासीय परिसरों में अवैध रूप से संचालित व्यावसायिक गतिविधियों की भी जांच की जाएगी. उन्होंने इस दौरान पूरे कॉरिडोर को आकर्षक स्वरूप देने के लिए रोड मेडियन पर बागवानी विकसित करने, खाली दीवारों पर पेंटिंग कराने और प्रमुख स्थानों पर ग्रीन पैच विकसित करने का निर्देश दिया. वहीं, फुटपाथों से अवैध होर्डिंग और अन्य बाधाओं को हटाने का भी निर्देश दिया. उन्होंने कैलाशपति मिश्र चौक के पास सार्वजनिक पार्क विकसित करने का निर्देश दिया.

यह भी पढ़ें : कनाईश्वर पहाड़ पर उमड़ा आस्था का जनसैलाब, अच्छी बारिश और सुख समृद्धि के लिए की गई पहाड़ पूजा

यह भी पढ़ें : श्रावणी 2026: पहली बार AI और WhatsApp से सजेगा देवघर का सुरक्षा कवच, हाईटेक होगी टेंट सिटी