आदिवासी युवाओं को मिलेगा स्टार्टअप फाउंडर बनने का मौका, JUT ने शुरू किया Idea Tribe-2026
Jharkhand Start Up News: रांची में स्थित झारखंड यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी (जेयूटी) ने आदिवासी छात्रों को उद्यमी (Entrepreneur) बनाने के उद्देश्य से 'आइडिया ट्राइब-2026' की शुरुआत की है. कार्यक्रम के तहत छात्रों को नवाचार (innovation) आधारित आइडिया दिखाने का मौका मिलेगा.
Jharkhand Startup News: जेयूटी के सेंटर फॉर इनोवेशन, इन्क्यूबेशन एंड इंटरप्रेन्योरशिप द्वारा शुरू किए गए कार्यक्रम की थीम ‘इनोवेट फ्रॉम रूट्स, क्रिएट फॉर द फ्यूचर’ रखी गई है. इसका उद्देश्य ट्राइबल स्टूडेंट इनोवेशन इकोसिस्टम विकसित करना और वर्ष 2030 तक झारखंड से 100 से अधिक आदिवासी स्टार्टअप फाउंडर तैयार करना है. कार्यक्रम के तहत स्टूडेंट्स अपने इनोवेटिव आइडिया प्रस्तुत करेंगे. चयनित प्रतिभागियों को कुल 20 से 25 लाख रुपये तक का सीड फंड उपलब्ध कराया जाएगा. इस प्रतियोगिता में इंजीनियरिंग, पॉलिटेक्निक, फार्मेसी, मैनेजमेंट, आईटीआई, स्किल डेवलपमेंट के प्रशिक्षु, ट्राइबल रिसर्च स्कॉलर, ट्राइबल एलुमनाई और युवा उद्यमी भाग ले सकते हैं. प्रत्येक टीम में दो से पांच सदस्य होंगे, जिनमें कम-से-कम एक सदस्य अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग का होना अनिवार्य होगा.
क्या है फोकस एरिया
आइडिया ट्राइब-2026 के फोकस एरिया में क्रिटिकल मिनरल्स एंड माइनिंग इनोवेशन, ट्राइबल एग्रीकल्चर एंड फॉरेस्ट इकोनॉमी, ग्रीन एनर्जी एंड क्लाइमेट एक्शन, ट्राइबल आर्ट्स, कल्चर एंड टूरिज्म, एआई एवं डिजिटल इन्क्लूजन और वुमन-लेड एंटरप्राइजेज शामिल हैं.
पांच चरणों में होगा पूरा आयोजन
कार्यक्रम पांच चरणों में आयोजित किया जाएगा. पहले चरण में जुलाई-अगस्त 2026 के दौरान 65 कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 10 हजार छात्रों तक पहुंचने का लक्ष्य रखा गया है. दूसरे चरण में अगस्त-सितंबर के दौरान कैंपस आइडियाथॉन आयोजित होंगे, जिनसे 300 से 350 नवाचार आधारित आइडिया सामने आएंगे. तीसरे चरण में अक्टूबर में रांची, धनबाद, जमशेदपुर, दुमका और पलामू में बूटकैंप आयोजित किए जाएंगे. इनमें से 100 से अधिक शीर्ष टीमों का चयन किया जाएगा. चौथे चरण में नवंबर में जेयूटी, रांची में ट्राइबल इनोवेशन ग्रैंड चैलेंज का आयोजन होगा. इसके बाद दिसंबर में ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा, जिसमें शीर्ष 20 स्टार्टअप का चयन किया जाएगा. सीड ग्रांट के तहत तीन प्लेटिनम विजेताओं को दो-दो लाख रुपये, पांच गोल्ड विजेताओं को एक-एक लाख रुपये और 12 सिल्वर विजेताओं को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी. महिला उद्यमियों और सोशल इंपैक्ट अवार्ड के लिए विशेष ग्रांट का प्रावधान किया गया है. कुल सीड फंड 20 से 25 लाख रुपये का होगा. चयनित टीमों को जेयूटी में प्री-इन्क्यूबेशन, मेंटरशिप, प्रोटोटाइप डेवलपमेंट, आइपी फाइलिंग, मार्केट लिंकेज, इन्वेस्टर कनेक्ट और स्टार्टअप रजिस्ट्रेशन में भी सहयोग किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: सरायकेला: 3 पंचायतों को मिला PCC सड़क और नाली का तोहफा, कीचड़ और जलजमाव की समस्या होगी दूर
यह भी पढ़ें: झारखंड हाईकोर्ट पहुंचा माध्यमिक आचार्य नियुक्ति मामला, दस्तावेज सत्यापन के बावजूद नहीं मिला ज्वाइनिंग लेटर
यह भी पढ़ें: साहिबगंज की 70 करोड़ की पेयजल योजना पर हाईकोर्ट सख्त, अपर मुख्य सचिव को खुद जांच का आदेश
