खुद कार चलाकर जोन्हा फॉल पहुंचे हेमंत सोरेन, पत्नी संग लिया प्रकृति का आनंद 

Hemant Soren Johna Falls Visit : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पत्नी कल्पना सोरेन के साथ खुद कार चलाकर जोन्हा फॉल पहुंचे. उन्होंने प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया, स्थानीय लोगों से मुलाकात की और कहा कि झारखंड की हरियाली और प्राकृतिक धरोहर को संरक्षित रखना सभी की जिम्मेदारी है.

By Priya Gupta | June 29, 2026 8:58 AM

Hemant Soren Johna Falls Visit : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन रविवार को अलग अंदाज में दिखे. वे खुद कार चलाकर रांची से करीब 40 किमी दूर स्थित जोन्हा फॉल पहुंचे. उनके साथ उनकी पत्नी गांडेय विधायक कल्पना सोरेन भी थीं. मुख्यमंत्री के अचानक जोन्हा पहुंचने से वहां मौजूद पर्यटक और स्थानीय ग्रामीण उत्साहित हो गए.  

मुख्यमंत्री ने झरने का आनंद लिया, लौटते समय खरीदे अमरूद 

हेमंत सोरेन स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और पर्यटकों से बातचीत करते हुए

जोन्हा फॉल पहुंचने के बाद मुख्यमंत्री ने झरने और आसपास के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया. उन्होंने कुछ समय वहां बिताया और स्थानीय ग्रामीणों, दुकानदारों और पर्यटकों से बातचीत की. जोन्हा से लौटने के दौरान मुख्यमंत्री ने रास्ते में काफिला रुकवाकर स्थानीय दुकानदारों से अमरूद व अन्य मौसमी फल भी खरीदे.

हेमंत सोरेन लौटते समय खरीदे अमरूद 

मुख्यमंत्री बोले– जंगल जीवन हैं, झरने प्रकृति का संगीत 

मुख्यमंत्री ने झारखंड के प्राकृतिक सौंदर्य की सराहना करते हुए कहा कि जंगल जीवन है और झरने संगीत हैं. हरियाली की गोद में बसा हमारा झारखंड अद्वितीय है. झारखंड की यह प्राकृतिक सुंदरता ही हमारी असली पहचान और ताकत है. प्रकृति की गोद में बहती निर्मल जलधारा, घने जंगलों की हरियाली और पहाड़ों का शांत सौंदर्य बार-बार यह एहसास कराता है कि झारखंड प्रकृति का अनुपम उपहार है. यह हमारी साझी धरोहर है, जिसे सहेजना और संरक्षित रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है. मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार झारखंड के प्राकृतिक और ऐतिहासिक पर्यटन स्थलों के संरक्षण और विकास को प्राथमिकता दे रही है. जोन्हा फॉल जैसे पर्यटन स्थलों को और अधिक सुविधाजनक और पर्यटक अनुकूल बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है. इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी.

ये भी पढ़ेंसाहिबगंज: राजमहल में भाइयों के बीच हुआ जमीन विवाद, मारपीट में बुजुर्ग की मौत

ये भी पढ़ेंचाईबासा में बड़ा हादसा टला, जर्जर आदिवासी छात्रावास की छत गिरी, बुनियादी समस्याओं से जूझ रहीं छात्राएं