सीसीएल रजरप्पा परियोजना विस्तार की दिशा में बड़ा कदम, भूमि मुआवजा प्रक्रिया तेज

सीसीएल रजरप्पा परियोजना विस्तार की दिशा में बड़ा कदम, भूमि मुआवजा प्रक्रिया तेज

By SAROJ TIWARY | February 28, 2026 12:29 AM

:- रजरप्पा में लगा भूमि मुआवजा वितरण संबंधी विशेष शिविर :- तीन मार्च तक रैयत, विस्थापित लिखित रूप से करा सकते हैं आपत्ति दर्ज रजरप्पा. सीसीएल रजरप्पा के अंतर्गत ब्लॉक-टू परियोजना धवैया के लिए भूमि मुआवजा वितरण संबंधी विशेष शिविर का आयोजन रजरप्पा स्थित महाप्रबंधक कार्यालय के सभागार कक्ष में किया गया. क्षेत्र के महाप्रबंधक राजीव सिंह के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य परियोजना विस्तार से प्रभावित रैयतों को पारदर्शी एवं त्वरित रूप से मुआवजा प्रदान करना तथा उनके दस्तावेजों का विधिवत सत्यापन करना था. शिविर में खाता 36 के रैयतों सहित अन्य संबंधित भू-स्वामियों के कागजात की जांच की गयी. अधिकारियों ने प्रत्येक मामले की समीक्षा की. मुआवजा निर्धारण की प्रक्रिया, भुगतान की समय-सीमा तथा आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी. जिन रैयतों को किसी प्रकार की आपत्ति या दावा प्रस्तुत करना है, उन्हें तीन मार्च 2026 तक आवश्यक साक्ष्य के साथ अपनी आपत्ति लिखित रूप में दर्ज कराने का अवसर प्रदान किया गया है. शिविर में एसओ (पीएंडपी) प्रदीप कुमार रामदास, एसओ (भू एवं राजस्व) बिनोद कुमार एवं योजना और परियोजना विभाग के रवि कुमार सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे. अधिकारियों ने रैयतों से सीधा संवाद कर उनकी शंकाओं का समाधान किया और आश्वस्त किया कि सभी वैध दावों का निष्पक्ष एवं नियम सम्मत निपटारा किया जायेगा. प्रबंधन ने कहा कि ब्लॉक-टू परियोजना धवैया में प्रस्तावित कोयला खनन से क्षेत्र के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी. स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित होंगे तथा क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्राप्त होगी. परियोजना के क्रियान्वयन में पारदर्शिता, संवेदनशीलता एवं नियमों के पूर्ण अनुपालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की प्रतिबद्धता दोहराई गयी.