कोठार में धूमधाम से मना मंडा पर्व, छऊ नृत्य और अग्नि-उपासना ने मोहा मन

कोठार में धूमधाम से मना मंडा पर्व, छऊ नृत्य और अग्नि-उपासना ने मोहा मन

By SAROJ TIWARY | June 8, 2026 11:27 PM

रामगढ़. कोठार में रविवार रात श्रीश्री शिव मंडा पूजा समिति के तत्वावधान में मंडा पर्व धूमधाम और भक्ति-भाव के साथ मनाया गया. इस दौरान शिव भक्तों ने अंगारों पर चलकर तथा लोटन सेवा कर अपनी गहरी आस्था का परिचय दिया. कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण बंगाल के पुरुलिया क्षेत्र की छऊ नृत्य टीमों की प्रस्तुतियां रहीं. बागमुंडी और नूतनडीह की टीमों ने धार्मिक कथाओं पर आधारित नृत्य-नाट्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया. मुख्य अतिथि आजसू के केंद्रीय सचिव मनोज कुमार महतो तथा कांग्रेस नेता दिनेश मुंडा ने छऊ नृत्य टीमों के बीच पुरस्कार वितरण किया और विजेता एवं उपविजेता टीमों को सम्मानित किया. इस अवसर पर मनोज कुमार महतो ने कहा कि मंडा पूजा हमारी प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा का हिस्सा है. इसे पूर्वज हजारों वर्षों से मनाते आ रहे हैं. यह पर्व समाज में एकता और भाईचारे की भावना को मजबूत करता है. दिनेश मुंडा ने कहा कि मंडा पर्व में छऊ नृत्य के माध्यम से धार्मिक कथाओं का जीवंत प्रदर्शन होता है, जिसे लोग काफी पसंद करते हैं. इस अवसर पर प्रेमचंद महतो, महेश चौधरी, पवन मुंडा, गौतम करमाली, नरेश महतो, सुखदेव महतो, मिथिलेश विश्वकर्मा, द्वारिका पाहन, मनोज मुंडा, सुरेश जायसवाल,सुरेश भंडारी, प्रदीप बनर्जी, बिनोद पाहन, नेमधारी महतो, महेंद्र महतो, महेश निगम, चेतलाल महतो, रमेश महतो, जोधन महतो उपस्थित थे.