..विधायक ने सदन में की स्कूलों को प्लस टू में अपग्रेड करने की मांग

बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने झारखंड विधानसभा के चालू सत्र में अपने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया

By VIKASH NATH | March 11, 2026 7:40 PM

भुरकुंडा. बड़कागांव विधायक रोशन लाल चौधरी ने झारखंड विधानसभा के चालू सत्र में अपने क्षेत्र की शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से महत्वपूर्ण मुद्दा उठाया. उन्होंने सरकार का ध्यान पतरातू व केरेडारी प्रखंड के कई हाई स्कूलों की ओर खींचते हुए कई स्कूलों को अब तक प्लस टू में उत्क्रमित नहीं किए जाने से हो रही परेशानी को बताया. विधायक श्री चौधरी ने कहा कि पतरातू प्रखंड के भुरकुंडा हाई स्कूल, पीएमश्री स्कूल पाली, एसएन हाई स्कूल बरकाकाना, यूएचएस बलकुदरा, यूएचएस डाड़ीडीह, यूएचएस बीचा, केरेडारी के यूएचएस बुंडू विद्यालय वर्तमान में केवल 10वीं कक्षा तक ही संचालित हो रहा है. इन विद्यालयों के 10-15 किलोमीटर के दायरे में कोई भी प्लस टू विद्यालय नहीं है. विधायक ने कहा कि मैट्रिक के बाद उच्च माध्यमिक शिक्षा के लिए छात्रों को दूरस्थ क्षेत्रों में जाना पड़ता है, जो ग्रामीण व आर्थिक रूप से कमजोर छात्रों के लिए कठिन है. विशेष रूप से छात्राओं की तो पढ़ाई तक छूट जाती है. विधायक ने सरकार से इस दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग करते हुए कहा कि क्षेत्र में ड्रॉपआउट की समस्या को कम करने व उच्च शिक्षा को सुलभ बनाने के लिए इन विद्यालयों को अविलंब प्लस टू में उत्क्रमित किया जाना आवश्यक है.