पतरातू में आज चलेगा अतिक्रमण हटाने का अभियान

पतरातू में आज चलेगा अतिक्रमण हटाने का अभियान

By SAROJ TIWARY | February 11, 2026 11:09 PM

संबंधित क्वार्टरों व भवनों में रह रहे लोगों से स्वेच्छा से स्थल खाली करने की अपील पतरातू. पतरातू अंचल अधिकारी द्वारा जारी सूचना के अनुसार अंचल क्षेत्र के मौजा हेसला, उचरिंगा व कटिया में स्थित हस्तांतरित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए 12 फरवरी को विशेष अभियान चलाया जायेगा. यह भूमि पतरातू थर्मल पावर स्टेशन के औद्योगिक विकास के उद्देश्य से झारखंड औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (जियाडा) रांची को हस्तांतरित की गयी है. प्रशासन ने बताया कि उक्त भूमि पर स्थित पीटीपीएस के पुराने व जर्जर क्वार्टरों में कई लोग अवैध रूप से रह रहे हैं. इसके कारण भूमि का उपयोग औद्योगिक विकास कार्यों में नहीं हो पा रहा है. इस मामले में झारखंड उच्च न्यायालय द्वारा पारित आदेश के आलोक में राज्य सरकार को परिसर खाली कराने की कार्रवाई करने की अनुमति दी गयी है. इसके तहत 12 फरवरी को सुबह नौ बजे से प्रशासन की टीम द्वारा पटेल चौक, जनता नगर, मां शीतला मंदिर (टाइप-2, जनता नगर), जल शोध प्रतिष्ठान व दुर्गा पूजा स्थल बिरसा मार्केट सहित विभिन्न स्थानों पर अभियान चला कर अवैध कब्जा हटाया जायेगा. कार्रवाई को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. विधि-व्यवस्था बनाने के लिए पर्याप्त संख्या में महिला व पुरुष पुलिस बल की तैनाती की जायेगी. प्रशासन ने संबंधित क्वार्टरों व भवनों में रह रहे लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित समय से पहले स्वेच्छा से स्थल खाली कर दें.