पार्किंग शुल्क के नाम पर मारपीट, प्राथमिकी दर्ज

रजरप्पा मंदिर परिसर में पार्किंग शुल्क के नाम पर श्रद्धालुओं से जबरन वसूली, मारपीट और लूट करना कुछ लोगों को महंगा पड़ गया.

By VIKASH NATH | February 23, 2026 8:17 PM

रजरप्पा. रजरप्पा मंदिर परिसर में पार्किंग शुल्क के नाम पर श्रद्धालुओं से जबरन वसूली, मारपीट और लूट करना कुछ लोगों को महंगा पड़ गया. विरोध करने पर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट की गयी और लूटपाट की घटना को अंजाम दिया गया. इस मामले में रजरप्पा थाना में 16 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पूरे प्रक्षेत्र में हड़कंप मच गया है. जानकारी के अनुसार पलामू जिला के ओरियाकला निवासी मनोज कुमार ने रजरप्पा थाना में आवेदन देकर बताया कि वह अपने दोस्त शुभम कुमार, राजकमल, अंकित कुमार व अंशु कुमार मेहता सहित अन्य साथियों के साथ 22 फरवरी को पूजा-अर्चना के लिए रजरप्पा मंदिर पहुंचे थे. दोपहर करीब 1:30 बजे प्रशासनिक भवन के समीप स्थित पार्किंग स्थल पर कुछ लोगों ने जबरन पार्किंग शुल्क की मांग की. इसका विरोध करने पर उपेंद्र कुमार, प्रेम महतो उर्फ चूजा, कैलाश महतो, सागर मुंडा, धीरन महतो, शुभम कुमार, सोनू तुरी, यशवंत साव, आनंद साव, राजू साव, राजेंद्र महतो, अजय साव, रामू प्रजापति, निरंजन महतो, प्रेम साव व मिथुन महतो सहित अन्य लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी. घटना में मनोज कुमार सहित उनके तीन साथियों को चोटें आयीं. आरोप है कि मारपीट के दौरान अंकित कुमार व शुभम कुमार के गले से सोने की चेन छीन ली गयी, जबकि मनोज कुमार की जेब से 7,500 रुपये निकाल लिये गये. घटना के बाद पीड़ितों ने थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज करायी. इस संबंध में रजरप्पा थाना प्रभारी कृष्ण कुमार ने बताया कि सभी 16 आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गयी है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.