बच्चा चोरी की अफवाहों से घबरा नहीं, तुरंत सूचना दें : एसपी

बच्चा चोरी की अफवाहों से घबरा नहीं, तुरंत सूचना दें : एसपी

By SAROJ TIWARY | February 18, 2026 11:28 PM

रामगढ़. जिले में फैल रही बच्चा चोरी की अफवाह को लेकर रामगढ़ पुलिस ने आम नागरिकों से सतर्क व जागरूक रहने की अपील की है. पुलिस अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर विश्वास नहीं करें. कानून को अपने हाथ में लेने से बचें. उन्होंने कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर बच्चा चोरी करने का संदेह हो, तो स्वयं कार्रवाई करने के बदले तत्काल इसकी सूचना निकटतम थाना, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू या रामगढ़, पुलिस अधीक्षक कार्यालय रामगढ़ अथवा आपातकालीन सेवा डायल 112 पर दें. पुलिस प्रशासन ने सोशल मीडिया या मौखिक रूप से फैल रही भ्रामक खबरों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है. अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की चेतावनी भी दी गयी है. पुलिस ने भरोसा दिलाया कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलते ही त्वरित जांच कर उचित कानूनी कदम उठाया जायेगा. पुलिस अधीक्षक ने कहा कि अफवाह समाज में भय और अराजकता का माहौल पैदा करती है. सभी नागरिक जिम्मेदारी का परिचय दें और शांति व कानून-व्यवस्था बनाने में प्रशासन का सहयोग करें.