चुनाव : निकाय चुनाव को लेकर चलाया गया वाहन जांच अभियान

चुनाव के मद्देनजर जिले में लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. गुरुवार को फ्लाइंग स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) की प्रथम टीम ने गोकुलपुर के पास वाहनों की जांच की.

By SANU KUMAR DUTTA | February 5, 2026 5:27 PM

पाकुड़. नगर निकाय चुनाव को लेकर जिला प्रशासन शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. चुनाव के मद्देनजर जिले में लगातार सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है. गुरुवार को फ्लाइंग स्टैटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) की प्रथम टीम ने गोकुलपुर के पास वाहनों की जांच की. इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर उनकी डिक्की समेत अन्य हिस्सों की तलाशी ली गयी. कागजात की भी जांच की गयी. नेतृत्व कर रहे दंडाधिकारी राजेश कुमार साहा ने बताया कि नगर निकाय चुनाव को लेकर जिले में विशेष सतर्कता बरती जा रही है. उन्होंने कहा कि वाहनों की नियमित जांच का उद्देश्य अवैध रूप से नकदी, शराब या अन्य आपत्तिजनक सामग्री के परिवहन पर रोक लगाना है. उन्होंने बताया कि अब तक की जांच में किसी प्रकार की आपत्तिजनक सामग्री या नकदी बरामद नहीं हुई है. प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया है कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक जिले के विभिन्न स्थानों पर इस तरह की जांच लगातार जारी रहेगी, ताकि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जा सके.