बच्चों के सर्वांगीण विकास में अभिभावकों की भूमिका पर चर्चा

पाकुड़. पेरेंटिंग माह पर शुक्रवार को वीसी के माध्यम से बच्चों के हित में बैठक की गयी.

By Prabhat Khabar News Desk | June 13, 2026 6:06 PM

प्रतिनिधि, पाकुड़. पेरेंटिंग माह पर शुक्रवार को वीसी के माध्यम से बच्चों के हित में बैठक की गयी. अध्यक्षता पीसीआइ-यूनिसेफ के जिला परियोजना समन्वयक मोहम्मद अनीस ने की. इसमें विभिन्न विभागों व संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया. बैठक में पेरेंटिंग माह के महत्व पर विस्तार से चर्चा की गयी. मोहम्मद अनीस ने कहा कि वर्तमान समय में बच्चों और अभिभावकों के बीच संवाद की कमी बढ़ रही है. बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए जरूरी है कि अभिभावक उनके साथ समय बिताएं, उनकी समस्याओं और भावनाओं को समझें तथा सकारात्मक मार्गदर्शन दें. कहा कि बच्चों से जुड़ी कई समस्याओं के पीछे मोबाइल फोन का अनुचित उपयोग भी एक प्रमुख कारण बन रहा है. ऐसे में बच्चों को डिजिटल माध्यमों के सुरक्षित और संतुलित उपयोग के लिए प्रेरित करना आवश्यक है. बैठक के अंत में प्रतिभागियों से बच्चों के सपनों, पढ़ाई और भविष्य को लेकर नियमित संवाद स्थापित करने तथा उनके बेहतर भविष्य के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लेने का आग्रह किया गया.