डीडीसी ने स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के दिये निर्देश

पाकुड़ के उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और ग्रामीण सेवा वितरण व्यवस्था को सुधारने के लिए सदर अस्पताल, पंचायत सचिवालयों और विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं और आवश्यक सुविधाएं देने के निर्देश दिए। पंचायत सचिवालयों में योजनाओं के क्रियान्वयन और अभिलेखों की समीक्षा करते हुए कर्मियों को लाभुकों तक योजनाओं का समय पर लाभ पहुँचाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा।

By SANU KUMAR DUTTA | June 10, 2026 7:36 PM

नगर प्रतिनिधि, पाकुड़ सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता तथा ग्रामीण क्षेत्रों में सेवा वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से उप विकास आयुक्त अरविन्द कुमार लाल ने बुधवार को सदर अस्पताल, पंचायत सचिवालयों तथा विभिन्न विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त ने सदर अस्पताल पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं, मरीजों को उपलब्ध सुविधाओं एवं साफ-सफाई व्यवस्था का जायजा लिया. उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने तथा मरीजों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. इसके बाद उप विकास आयुक्त एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू ने हिरणपुर प्रखंड के मोहनपुर, डांगापाड़ा एवं शहरग्राम पंचायत सचिवालयों का निरीक्षण किया. इस दौरान पंचायत स्तर पर संचालित योजनाओं, अभिलेखों के संधारण, जनसेवा कार्यों तथा सचिवालयों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई. उन्होंने संबंधित कर्मियों को पात्र लाभुकों तक योजनाओं का लाभ समय पर पहुंचाने तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है. इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना होगा.