लैंप्स और गोदाम निर्माण की गुणवत्ता पर डीसी ने जतायी नाराजगी

उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी.

By SANU KUMAR DUTTA | February 15, 2026 5:55 PM

नगर प्रतिनिधि, पाकुड़ उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में सहकारिता विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी. इसमें बीज वितरण योजना, लैंपस की कार्यप्रणाली, गोदाम निर्माण की गुणवत्ता तथा कोल्ड स्टोरेज की वर्तमान स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गयी. उपायुक्त ने कहा कि किसानों को समय पर और गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. इसके लिए सभी प्रखंडों में नोडल लैंपस का चयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया, ताकि बीज वितरण प्रक्रिया सुचारू और पारदर्शी बन सके. बीज वितरण योजना के तहत पाकुड़िया और हिरणपुर लैंपस को कमीशन राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिया, जिससे कार्य संचालन में किसी प्रकार की बाधा न हो. अधिक धान प्राप्ति वाले केंद्रों की समीक्षा के क्रम में भवानीपुर, पृथ्वीनगर, कालिदासपुर, रामचंद्रपुर और कानीझाड़ा लैंपस का भौतिक सत्यापन कराने का निर्देश दिया गया. उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जायेगी. गोदाम निर्माण की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाये जाने पर जिला सहकारिता पदाधिकारी को संबंधित समितियों को पत्र जारी कर आवश्यक सुधार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया. इसके अतिरिक्त पांच एमटी और 30 एमटी क्षमता वाले कोल्ड स्टोरेज का भौतिक निरीक्षण कर भंडारण सुविधाओं के समुचित उपयोग को सुनिश्चित करने पर भी बल दिया गया.